रिपोर्ट -कांता पाल /नैनीताल- जनपद में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने को लेकर आज जिला कार्यालय सभागार नैनीताल में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि समस्त सरकारी, ऐतिहासिक भवन 14 व 15 अगस्त को एलईडी लाइट से रोशन किये जायेंगे। उन्होंने कहा प्रातः 10 बजे से 10ः30 बजे तक ऐतिहासिक स्थलों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मूर्तियों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए जायेेंगे।
जिलाधिकारी ने बैठक में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अशोक कुमार को ऐतिहासिक स्थलों, मूर्तियों की साफ-सफाई, रंगरोगन के साथ ही मालरोड मेें देशभक्ति के गीत लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रसारित करने के निर्देश दिये। जनपद में 13 से 15 अगस्त के मध्य हर घर में राष्ट्रध्वज फहराया जायेगा। इस सम्बन्ध उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए है कि 15 अगस्त से पूर्व अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर अभियान को सफल बनाया जाए। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारी को जनपद में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को घर में जाकर सम्मानित करने के निर्देश दिये।

























