करनाल – दशमेश पिता साहिब श्री गुरू गोबिंद सिंह जी महाराज के 350वें प्रकाश उत्सव का समापन समारोह पटना साहिब बिहार में आगामी 22 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर हरियाणा सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अम्बाला और सिरसा से 2 विशेष रेलगाडिया चलाने की व्यवस्था की है। यात्रियों के आने-जाने व खाने का खर्च हरियाणा सरकार वहन करेगी।
यह जानकारी सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक समीर पाल सरो ने मंगलवार को चंडीगढ़ मुख्यालय से वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के अधिकारियों और सिख समाज के प्रतिनिधियों को दी। उन्होंने बताया कि अम्बाला और सिरसा से चलने वाली विशेष रेलगाडियां 22 दिसम्बर को प्रात: साढ़े 10 बजे पटना साहिब के लिए रवाना होगी, जोकि 23 दिसम्बर को दोपहर बाद गन्तव्य स्थान पर पहुंचेगी। अम्बाला से चलने वाली विशेष रेलगाडी कुरूक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत और दिल्ली तथा सिरसा से चलने वाली रेलगाडी हिसार, भिवानी, रोहतक व दिल्ली होते हुए पटना साहिब जाएगी। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालु अपना पंजीकरण आगामी 19 दिसम्बर सायं 5 बजे तक सम्बन्धित जिला उपायुक्त कार्यालय में करवा सकते है। हर जिले से अधिकतम 140 श्रद्धालुओं का चयन जिला स्तरीय कमेटी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर जिला राजस्व अधिकारी राजबीर धीमान, जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी सुनील कुमार, जिला सहायक सूचना अधिकारी पलविन्द्र सिंह, अधीक्षक डीडीपीओ कार्यालय कृष्ण पाल, सिख समाज से बाबा सुखा सिंह, रतन सिंह, इन्द्रपाल सिंह, धर्मेन्द्र पाल सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
श्री गुरू गोबिंद सिंह जी महाराज के 350वें प्रकाश उत्सव का समापन समारोह पटना साहिब बिहार में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं से वीडियों कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से विधायक असंध सरदार बख्शीश सिंह ने अपील की है कि इस समारोह में भारी भींड होगी, इसको देखते हुए छोटा बच्चा, बीमार व वृद्ध व्यक्ति भाग ना लें तथा इस लम्बे सफर में हरियाणा सरकार खान-पान की व्यवस्था निशुल्क कर रही है, इसके बावजूद संगत का फर्ज बनाता है कि वह भी खाने के लिए कुछ ना कुछ सुखी सामग्री जरूर लेकर जाए।

























