अमित शाह ने जब महात्‍मा गांधी की दूरदर्शिता का जिक्र करते हुए ‘चतुर बनिया’ कहा

0
203

रायपुर – भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के समक्ष रायपुर में विधानसभा चुनाव में 65 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम में कांग्रेस पर बोलते हुए अमित शाह ने महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए उन्हें एक ‘चतुर’ बनिया किया। अमित शाह ने कहा, ‘कांग्रेस किसी एक विचार धारा के आधार पर किसी एक सिद्धांत के आधार पर बनी हुई पार्टी ही नहीं है, वो आजादी प्राप्त करने का एक स्पेशल पर्पज व्हीकल है, आजादी प्राप्त करने का एक साधन था और इसलिए महात्मा गांधी ने दूरंदेशी के साथ, बहुत चतुर बनिया था वो, उसको मालूम था कि आगे क्या होने वाला है, उसने आजादी के बाद तुरंत कहा था, कांग्रेस को बिखेर देना चाहिए। महात्मा गांधी ने नहीं किया, लेकिन अब कुछ लोग उसको बिखेरने का काम समाप्त कर रहे हैं। इसलिए ही कहा था महात्मा गांधी ने क्योंकि कांग्रेस की कोई विचारधारा ही नहीं है, देश चलाने के, सरकार चलाने के कोई सिद्धांत ही नहीं थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उलझन रहती है कि वह यह कहेगा, कोई क्या सोचेगा लेकिन हम लोगों के लिए साफ है कि जो देशद्रोही नारे लगाएगा वो देशद्रोही कहलाया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि देश की 1650 राजनीतिक पार्टियों में से केवल बीजेपी और सीपीआई (एम) का आंतरिक लोकतंत्र है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस में अगर सोनिया गांधी अध्यक्ष पद छोड़ती हैं तो राहुल गांधी को वह जगह दी जाएगी लेकिन कोई नहीं जानता कि भाजपा का अगला अध्यक्ष कौन होगा।

अमित शाह तीन दिन के दौरे पर हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वर्ष 2018 में होने वाले विधानसभा चुनाव में 90 सीटों पर ध्यान केंद्रित करें और करीब 65 सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए इस वर्ष 25 अक्टूबर से 15 अगस्त 2018 तक रोडमैप बनाने के लिए प्रतिदिन का लक्ष्य बनाएं। नेताओं ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस संकल्प को पूर्ण करने के लिए बैठक में उपस्थित सभी कार्यकताओं और पदाधिकारियों ने संकल्प लिया। इस दौरान शाह ने संगठन प्रभारी को विस्तृत प्रवास करने और जिला पदाधिकारियों से अपने प्रवास के दौरान बूथ की संपूर्ण गतिविधियों की जानकारी लेकर उसे गति प्रदान करने का निर्देश दिया।