आगरा – आगरा में प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर बरसे तोगड़िया..

0
270
रिपोर्ट – नसीम अहमद आगरा –  अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर आरोप लगए । 21 अक्टूबर को अयोध्या कूच का निमंत्रण देने आए तोगड़िया ने कहा कि नरेन्द्र मोदी का मुसलमानों से आंतरिक समझौता हो गया है। इसका कारण यह है कि भारत का कोई प्रधानमंत्री पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के यहां बिना निमंत्रण के नहीं गया, लेकिन मोदीजी गए थे। आज तक किसी भी सरकार ने सेना पर पत्थर मारने वालों के केस वापस नहीं लिए, लेकिन मोदी जी नौ हजार केस वापस लेकर सेना पर पत्थर मारने वालों के भाईजान बन गए। आपको मंदिर भेजा था, लेकिन चले गए मस्जिद। चार साल से रामलला के दर्शन करने का समय नहीं है। प्रवीण तोगड़िया से मिलने का समय नहीं है क्योंकि यह हिन्दुओं का नेता है। मोदी जी ने मुसलमानों से आतंरिक समझौता कर लिया है, इसलिए मस्जिद जाते हैं। तभी तो कहते हैं कि मुसलमानों के बिना हिन्दुत्व अधूरा है।सूरसदन सभागार में हुए कार्यक्रम में प्रवीण तोगड़िया ने नारे लगवाए- सौगंध राम की खाते हैं- मंदिर भव्य बनाएंगे। हमें चाहिए रोजगार। चलो अयोध्या। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी जी ने भाजपा के कार्यकर्ताओं को छोड़ दिया है। कांग्रेसी रीता बहुगुणा को सम्मानित किया। कार्य करने वाला भाजपा कार्यकर्ता रो रहा है। कांग्रेसमुक्त भारत बनाया, लेकिन कांग्रेसयुक्त भाजपा बना डाला। हमको लगा था कि 56 इंच की छाती वाला आएगा, सेना पर पत्थर मारने वालों पर कारपेट बमबारी करेगा। पाकिस्तान का झंडा कश्मीर में दिखाई नहीं देगा। कुछ भी नहीं हुआ।
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि भारत में 19 करोड़ लोग भूखे सो जाते हैं। शिक्षा का व्यापारीकरण कर दिया। सरस्वती मां को बेच डाला। 1975 में डॉक्टर बनने के लिए एक महीने की फीस थी 25 रुपया। वर्ष में 300 रुपये भरकर एमबीबीएस डॉक्टर बनता था। आज डॉक्टर बनने के लिए एक करोड़ रुपया चाहिए। अब रोजगार कहां है? 4.22 लाख ग्रेजुएट बेरोजगार हैं। कुल 10 करोड़ बेरोजगार हैं। रेलवे में एक लाख लोगों की जगह के लिए प्रार्थनापत्र मांगे गए। एक करोड़ लोगों ने आवेदन किया। यह देश बेरोजगार युवाओं का देश बन गया। सत्ता में बैठने वालों को अम्बानी, माल्या और नीरव मोदी की चिन्ता है, आपके रोजगार की चिन्ता नहीं है। केन्द्र और राज्य सरकार में 24 लाख नौकरियों की जगह खाली है। मोदी ने चार साल में रोजगार दिलाया क्या? 24 लाख लोगों को रोजगार दिलाने के लिए मेरे साथ संघर्ष करने के लिए तैयार हो जाओगे क्या? हमें अयोध्या में राम का मंदिर और 10 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार भी चाहिए।