करनाल – कांग्रेस की सरकार बनने पर कर्मचारियों को दिये जायेंगे पंजाब के समान वेतनमान : तंवर

0
194

करनाल – हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने आज अपने जनसम्पर्क अभियान में अपील की कि वे राज्य में होने वाले 5 नगर निगामों और 2 नगर परिषदों के चुनाव में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों को भारी बहुमत से सफल बनायें। जन सम्पर्क अभियान के दौरान डॉ. तंवर ने आज करनाल में 25 अलग-अलग स्थानों पर जन-सभायें की।

जन सम्पर्क अभियान के दौरान बोलते हुए डॉ. तंवर ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार के निक्कमेपन की जोरदार आलोचना की और कहा कि मुख्यमंत्री तथा मंत्री अपने क्षेत्रों के विकास और सुरक्षा की ओर भी ध्यान नहीं दे पाये, ऐसी स्थिति में उनसे राज्य के विकास और लोगों की सुरक्षा की आशा करना फजूल है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी वर्ग अपने जायज मांगों के लिए आंदोलन करने पर मजबूर है, किसान अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर है, मातायें व बहनें अपने-आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर रही और सामान्य नागरिक को भी अपनी जान-माल का खतरा है। डॉ. तंवर ने कहा कि भाजपा ने पिछले चुनावों में लोगों से जो वादे किए थे उनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं हो पाया और सभी वादे केवल जुमले साबित हुए हैं।

डॉ. तंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के संरक्षण में रेत माफिया धड़ल्ले से काम कर रहा है और असामाजिक तत्व बिना किसी भय के वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन राज्य में होने वाली बलात्कार, कत्ल, लूटमार आदि की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पूर्णतया नाकाम है। उन्होंने कहा कि चुंकि गृह विभाग भी स्वंय मुख्यमंत्री के पास है इसलिए राज्य में बढ़ रहीं अपराधिक गतिविधियों के लिए सीधी जिम्मेदारी उन्हीं की बनती है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक डूबता हुआ जाहज है और इसके कुछ सांसद तो आगामी लोक सभा चुनाव लडऩे से भी इंकार कर चुके हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने लोगों से अपील की 5 नगर निगमों करनाल, यमुनानगर, पानीपत, रोहतक, हिसार व दो नगर परिषदें जाखल मंडी (फतेहाबाद) व पुंडरी (कैथल) के चुनावों में कांग्रेस पार्टी को सफल बनायें ताकि जन-विरोधी भाजपा और उसकी बी टीम इनेलों को सबक सिखाया जा सके। आज इस अवसर पर आजाद प्रत्याशी के तौर पर पिछला चुनाव लड़ चुके श्री भाग सिंह ने कांग्रेस पार्टी में अपनी आस्था व्यक्त की और पार्टी में शामिल हो गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान दिए जाने का आश्वासन दिलाया।

डॉ. तंवर ने लोगों को विश्वास दिलाया कि श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के देश व प्रदेश में सत्ता में आने पर किसानों को उनके उत्पादन का सही मूल्य मिलेगा, बुढ़ापा पैंशन में बढ़ोतरी की जायेगी, आंदोलनकारी कर्मचारियों से बातचीत करके उनकी जायज मांगों का समाधान किया जायेगा और प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून-व्यवस्था को सुधारने के लिए त्वरित कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतनमान दिये जायेंगे।

आज के जन सम्पर्क अभियान में कोषाध्यक्ष तरूण भंडारी, पंकज पुनिया, कृष्ण बसताड़ा, सुनल पंवार, मेहर सिंह घरौंडा, मनीष कामरा, होशियारी लाल शर्मा, ज्ञान सहोता, श्रवण कुमार, खजान सिंह, संतोष करालिया, सरीता सरोहा, पूर्व पार्षद ऊषा तुली, सागर सहित सैंकड़ों पार्टी कार्यकत्र्ताओं ने भाग लिया।