डा० मंगलसैन के नाम से बनाया जा रहा है आधुनिक विशाल सभागार-ओएसडी

0
149

करनाल – सबका साथ-सबका विकास का विजन लेकर प्रदेश में विकास के ऐसे आयाम स्थापित किये जा रहे है, जो आने वाले दिनों में मील का पत्थर साबित होंगे। इस कड़ी में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सहयोग से करनाल शहर में करीब 7 करोड़ 60 लाख रूपये के खर्च से एक ऐसा विशाल  सभागार डा० मंगलसैन के नाम से बनाया जा रहा है, जो हरियाणा का एकमात्र हाई-टेक टैक्नोलोजी से लैस होगा। इस सभागार में 1200 लोगों के बैठने का विशेष प्रबंध किया जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हल्के मेेंं हो रहे विकास कार्य भी जल्द ही अपनी चरम सीमा पर पहुंच कर उन लोगों की बोलती बंद कर देंगे, जो विकास ना होने के सरकार पर लांछन लगा रहे है।

ज्ञात रहे कि करनाल शहर के भीतर आने वाले दो ऐसे मार्ग पर तेजी से अत्याधुनिक सडक़ों का निर्माण कार्य भी आरम्भ हो चुका है, जो करनाल को एक नये आयाम स्थापित करने की ओर ले जाएगा। करनाल में बरसाती पानी व सिवरेज की व्यवस्था, करनाल शहर की कैमरों से निगरानी, शहर के हर क्षेत्र में स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। विकास के मामले में शहर का कोई भी वार्ड अछूता नहीं है। गत दिवस देर सायं को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेश पर करनाल विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यो का ओएसडी अमरेन्द्र सिंह ने निरीक्षण किया और अधिकारियों को इन विकास कार्यो को जल्द से जल्द करने के आदेश जारी किये।
ओएसडी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि करनाल शहर में करोड़ों रूपये के विकास कार्य चल रहे है,आने वाले 6 महीने में सभी कार्यो की जनता को प्रगति दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि करनाल की पुरानी सैशन कोर्ट के स्थान पर भाजपा की रीढ़ की हड्डी कहे जाने वाले नेता स्व०डा० मंगलसैन के नाम से बनने वाले सभागार को हरियाणा दिवस एक नवम्बर 2018 को जनता को समर्पित किये जाने की संभावना है। इस सभागार को मुख्यमंत्री द्वारा जनता को समर्पित किये जाने का कार्यक्रम तय किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करनाल शहर में कर्णताल, कर्णपार्क, ट्रैफिक पार्क, स्वामी विवेकानंद पार्क को भी करोड़ों रूपये की लागत से विकसित किया गया है। इन पार्को के विकसित होने से करनाल शहर के लोगों को काफी सुविधा मिली है,वहीं करनाल शहर का सौंदर्य भी बढ़ा है।

उपायुक्त डा०आदित्य दहिया ने बताया कि करनाल शहर के सौंदर्यकरण के लिए मुख्यमंत्री द्वारा काफी प्रयास किये जा रहे है। शहर के विकास के लिए करोड़ों रूपये खर्च किये जा रहे है। करनाल में खाली जमीन को विकसित किया जा रहा है। पुरानी सैशन कोर्ट पर डा०मंगल सैन के नाम से आधुनिक सभागार बनाया जा रहा है। यह सभागार 3. 28 एकड़ जमीन की परिधि में बनाया जाएगा। इस सभागार में करीब 250 गाडिय़ों की पार्किंग होगी, 2 लिफ्ट की व्यवस्था की जाएगी, 6 वीआईपी शूट, किचन, शौचालय, डाईनिंग हाल की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस सभागार का निर्माण पंचायत विभाग के कार्यकारी अभियंता रामफल की देखरेख में किया जा रहा है।