पंजाब असेंबली में धक्का-मुक्की में महिला विधायक का हाथ फ्रैक्चर

0
158

चंडीगढ़  –  पंजाब विधानसभा में गुरुवार को लोक इंसाफ पार्टी के विधायक सिमरनजीत सिंह बैंस और आप विधायक सुखपाल खैरा को स्पीकर के ऑर्डर पर मार्शलों ने खींचकर बाहर निकाला। धक्का-मुक्की में आप पार्टी की महिला विधायक सर्वजीत माणुके पर टेबल गिर गई, जिस कारण उनके हाथ में फ्रैक्चर आ गया। बैंस और खैरा को विधानसभा सेशन की बाकी बची कार्यवाही से सस्पेंड किया गया है। बैंस पर किसानों के मुद्दे पर हुए हंगामे के वक्त स्पीकर पर कागज फेंकने का तो खैरा पर सदन की कार्यवाही का वीडियो फेसबुक पर अपलोड करने का आरोप है।

बैंस और खेरा को विधानसभा के गेट पर ही रोक दिया गया। बाद में उन्हें अकाली विधायक सुखबीर सिंह बादल दूसरे रास्ते से सदन के अंदर ले गए। सदन में दोनों विधायकों को देख स्पीकर ने मार्शलों को उन्हें बाहर करने का ऑर्डर दे दिया। धक्कामुक्की में आप के निहाल सिंह वाला के विधायक मंजीत सिंह भी जख्मी हुए हैं। इस दौरान विधायकों ने मार्शलों पर उनकी पगड़ी उतारने का अारोप लगाया। गुरुवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही अकाली और आप विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया था। वो सस्पेंड किए गए बैंस और खैरा को विधानसभा कैम्पस में आने की इजाजत देने की मांग कर रहे थे। मामला ज्यादा गर्माने और आप का साथ देने पर स्पीकर ने अकाली विधायकों को सदन से बाहर करने का मार्शलों को ऑर्डर दिया। इसके बाद अकाली विधायक खुद ही सदन से बाहर चले गए।