पंडित दीन दयाल उपाध्याय मैडिकल विश्वविद्यालय का शिलान्यास 5 मई को प्रधानमंत्री करेंगे – एसीएस दलपत सिंह

0
152
घरौंडा/करनाल – मुख्यमंंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन 5 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करनाल की जनता को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मैडिकल विश्वविद्यालय का शिलान्यास करके  एक ओर अनुपम सौगात देगें। इस मैडिकल विश्वविद्यालय बनने से उत्तर भारत के अनेक क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सम्बन्धित सेवाएं आसानी से मिल सकेगी। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने मैडिकल विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियां आरम्भ कर दी है। इन तैयारियों को लेकर शुक्रवार को घरौंडा के विधायक एवं हैफेड के चेयरमैन हरविन्द्र कल्याण, स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दलपत सिंह, उपायुक्त डा. आदित्य दहिया, पुलिस अधीक्षक जश्रदीप सिंह रंधावा, एसडीएम घरौंडा इमरान रजा, अधीक्षक अभियन्ता विरेन्द्र जाखड, कल्पना चावला मैडिकल कॉलेज के निदेशक डा. सुरेन्द्र कश्यप ने मौके पर जाकर जायजा लिया।
विश्वविद्यालय के शिलान्यास की तैयारियों को लेकर एसीएस दलपत सिंह ने कल्पना चावला मैडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन अधिकारियों के साथ बैठक की और उसके बाद पंडित दीन दयाल उपाध्याय मैडिकल विश्वविद्यालय के प्रस्तावित स्थल गांव कुटेल में जाकर निरीक्षण किया। एसीएस ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आज से ही विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य में तेजी लाए ताकि यह कार्य निर्धारित समय में पूरा हो सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय में 2019 के सत्र में नर्सिंग और फिजियोथेरेपी की कक्षाए शुरू होनी है, इसके लिए व्यापक प्रबंध किए जाए। इन कोर्सों के लिए विश्वविद्यालय की बिल्डिंग बनने तक अन्य बिल्डिंग बनाने का तरीका अपनाया जाए, जिसके लिए सरकार द्वारा भी पायलेट प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश में दूसरा मैडिकल विश्वविद्यालय है, उन्होंने इस मैडिकल विश्वविद्यालय के बनने पर कुटेल गांव की पंचायत, ग्रामीणों व स्थानीय विधायक हरविन्द्र कल्याण को बधाई दी।  इससे पहले सरकार द्वारा मेवात में मैडिकल विश्वविद्यालय बनाया गया है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने बताया कि उनके गांव कुटेल में मुख्यमंत्री द्वारा करोडों रुपये की लागत से बनने वाले पंडित दीन दयाल उपाध्याय मैडिकल विश्वविद्यालय इस क्षेत्र के लिए ही नही बल्कि उत्तरी हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ नजदीक के प्रदेशों को इसका लाभ मिलेगा। यह विश्वविद्यालय हर मामले में आधुनिक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का घरौंडा विधान सभा क्षेत्र में आना इस क्षेत्र के लिए बहुत बडी उपलब्धि है। लोगों में काफी उत्साह है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से कहा कि मुख्यमंत्री ने जो वायदा किया था उसे पूरा कर दिया है। इससे पहले इस क्षेत्र के लिए किसी भी मुख्यमंत्री ने कोई विशेष सौगात नही दी।