फरीदाबाद – ड्रग्स सप्लाई करने जा रहे नाइजीरियन की मौत

0
171

रिपोर्ट -सुरेंद्र /फरीदाबाद –   फरीदाबाद में बीती रात एक नाइजीरियन की गोली लगने से मौत हो गई । पुलिस ने बताया कि जब पुलिस नाइजीरियन युवक को पकड़ने की कोशिश कर रही थी तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और धक्का-मुक्की में नाइजीरियन की पिस्टल से चली गोली उसे खुद ही लग गई। इसके बाद नाइजीरियन युवक को पुलिस ने गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। उसकी मौत की खबर के बाद पुलिस ने नाइजीरियन एंबेसी को सूचित कर दिया है।

पुलिस ने बताया कि गुड़गांव पुलिस को देर रात सूचना मिली कि नाइजीरियन फरीदाबाद में ड्रग सप्लाई करने जा रहे हैं, तभी फरीदाबाद और गुड़गांव पुलिस ने संयुक्त अभियान में  गुड़गांव फरीदाबाद रोड एमवीएन मानव रचना यूनिवर्सिटी के समीप नाकेबंदी कर दी। पुलिस ने आती हुई एक ओला टैक्सी को रोका तो दो विदेशी युवक टैक्सी से उतरे और पुलिस उन लोगों से जैसे ही पूछताछ करने लगी, इसी दौरान नाइजीरियन पुलिस पर फायरिंग करते हुए वहां से भाग खड़ा हुआ और अरावली की झाड़ियों में छिप गया।

उसने वहां छिपकर भी पुलिस पर गोलियां चलाई। लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस जैसे ही उससे पिस्टल लेने की कोशिश करने लगी तो वह धक्का-मुक्की करने लगा। इसी धक्का-मुक्की में नाइजीरियन से गोली चल गई। उसकी पहचान घाना निवासी चार्ल्स माइकल व नाइजीरियन इहचीकू इह्वनाचो के रूप में हुई।

घायल अवस्था में नाइजीरियन इहचीकू इह्वनाचो को सेक्टर -21 के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के डीसीपी क्राइम लोकेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के दूसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मृतक के पास से एक पिस्टल और भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद हुआ है। नाइजीरियन के शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवा दिया गया है।