मुख्यमंत्री ने कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, लेकिन मीडिया के सवालों से बचे

0
241

करनाल – समूचे हरियाणा प्रदेश में विकास कार्यो को अमलीजामा पहनाने के दृष्टिगत 3500 घोषणाएं की गई है,जिनमें से 2100 घोषणाओं पर या तो काम पूरा कर लिया गया है या जारी है। इस वर्ष के अंत तक सभी शेष घोषणाओं के तहत विकास कार्यो को पूरा कर लिया जाएगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को स्थानीय पंचायत भवन में जिला के भिन्न-भिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए करीब 115 करोड़ रूपये से अधिक के विकासात्मक कार्यो की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने उपरांत उपस्थित जनसभा को सम्बोधित करते हुए दी।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए बताया कि इंद्री उपमंडल के गांव भौजी खालसा में एक नये 33 के वी सब स्टेशन का उद्घाटन किया गया है। इस सब स्टेशन के स्थापित करने पर लगभग 4 करोड़ रूपये की धनराशि खर्च की गई है। इस सबस्टेशन के चालू होने से गांव राजेपुर,पटेहड़ा,टपरियां,छपरियां,नन्दी-भौजी,बुढनपुर,जैनपुरडेरा,धनौरा,शेखनपुरा,कलरीजगीर व हिनौरी क्षेत्रों के 3560 उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। उन्होंने अपने सम्बोधन में आगे बताया कि घरौंडा शहर के उपभोक्ताओं के लिए भी एक नये 33 के वी सब स्टेशन के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई है। इस सब स्टेशन को स्थापित करने पर अनुमानित धनराशि 5 करोड़ रूपये की धनराशि खर्च होगी। यह कार्य लगभग 6 माह की समयावधि में पूरा हो जाएगा। इस सब स्टेशन के चालू होने पर धर्मवीर कालोनी,मेन बाजार,मंडी मनीराम,नसीब विहार,तानसिंह मोहल्ला,राजपूत मोहल्ला,रघुवीर विहार,सांई मंदिर कालोनी,लाईन पार,विग कालोनी और अग्रवाल कालोनी क्षेत्र के लगभग 9032 उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आज पश्चिम यमुना नहर पर गांव बुढनपुर,जाणी,जुंडला,असंध,घरौंडा इत्यादि गांवों को करनाल-मुनक सडक़ से मिलान के लिए बने एकल स्पैन स्टील पुल तथा पश्चिम यमुना नहर पर ही गांव घोघड़ीपुर,नरूखेड़ी,पिंगली इत्यादि गांवों को करनाल-मुनक सडक़ से मिलान के लिए बने एकल स्पैन स्टील पुल का उद्घाटन भी किया है। इन दोनों पुलों के निर्माण कार्यो पर क्रमश: 508 लाख 69 हजार रूपये तथा 531 लाख 70 हजार रूपये की राशि खर्च हुई है। इनके बनने से संबंधित क्षेत्र के लोगों की चिरलम्बित मांग पूरी हो गई है। इससे संबंधित क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा।

उन्होंने अपने सम्बोधन में आगे बताया कि करनाल में बरसाती पानी की निकासी का समुचित प्रबंध करने के उद्देश्य से अमरूत स्कीम के तहत करीब 84 करोड़ 50 लाख रूपये की लागत से स्ट्रोम वाटर वर्कस की शुरूआत होगी,इसका भी आज शिलान्यास किया गया है। अटल मिशन नवीनीकरण एवं शहरी परिवर्तन(अमरूत)का उद्देश्य पानी की आपूर्ति के लिए नल और सिवरेज कनैक्शन प्रत्येक घर में पहुंचाना है। इसके अलावा बरसाती जल निकासी का प्रबंध,पार्को की स्थापना तथा पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में सरकार काफी हद तक सफल हो गई है। भ्रष्टाचार को समाप्त करना छोटी लड़ाई नहीं है,इसलिए सभी को चाहिए कि वे प्रदेश में भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए अपना पूरा सहयोग करें।

इस मौके पर हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलें मंत्री कर्णदेव काम्बोज ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में बराबर काम करवाया है और आगे भी इसी नीति पर चलते हुए सरकार विकास के कार्य करवा रही है। हम सभी को चाहिए कि सरकार के इस कार्य में अपना भरपूर सहयोग दें। हर घर हरियाली योजना के तहत शुभ मंगल कार्यो के अवसर पर एक पेड़ अवश्य लगाएं। हैफे ड के चेयरमैन एवं घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल बहुत ही ईमानदार छवि के व्यक्तित्व है। पिछली सरकारों के समय से बिगड़ी अर्थ व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए भरसक पर्यत्न किये जा रहे है। इस कार्य में सरकार को सफलता भी मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वरीयता के आधार पर नौकरियां दी जा रही है। इस सरकार में उन बच्चों को नौकरियां मिल रही है,जिनकी अपनी कोई सिफारिश नहीं है। सरकार की नेक नियती लोगों के बीच चर्चा का विषय है। असंध के विधायक बख्शीश सिंह विर्क ने हरियाणा प्रदेश तरक्की की राह पर चल रहा है। प्रदेश में जो विकास के कार्य चल रहे है उनकी रफ्तार धीमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने सरकार की नीतियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री की भी जमकर तारीफ की।

इससे पहले नगर निगम की महापौर रेनू बाला गुप्ता ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित सभी का स्वागत किया और कहा कि मुख्यमंत्री जिला के लिए करोड़ों रूपये की सौगात लेकर आए और जब भी आते है विकास कार्यो का पिटारा खोलकर विकास कार्यो की झड़ी लगा देते है। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद ने सभी आगंतुक मेहमानों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर ओएसडी अमरेन्द्र सिंह,प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल,महिला मौर्चा की प्रदेशाध्यक्ष निर्मला बैरागी, शुगर फेड के चेयरमैन चन्द्र प्रकाश कथूरिया, हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद सचिव संतोष अत्रेजा, सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग, डिप्टी मेयर मनोज वधवा, पार्षद जगदीश सभ्रवाल, पार्षद अशोक जैन, योगेन्द्र राणा, राजबीर शर्मा, ईलम सिंह,दीपक गुप्ता, प्रवीन लाठर, अमर ठक्कर, शंकर वधवा, दर्शन सहगल, सीमा खन्ना कश्यप, गुरचरण लखनपाल, अशोक मदान, मानव पुरी,जितेन्द्र शर्मा, नरेन्द्र पंडित,राजीव कुमार तथा प्रशासन की ओर से उपायुक्त डा. आदित्य दहिया, एसपी जश्रदीप सिंह रंधावा, नगर निगम आयुक्त डा. प्रियंका सोनी, अतिरिक्त उपायुक्त निशांत कुमार यादव, एसडीएम योगेश कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा भारी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।