राजस्थान के दिग्गज भाजपा नेता डॉ दिगंबर सिंह का निधन

0
185

जयपुर – भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान इकाई के दिग्गज नेता का आज लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया l  सिंह ने आज ईएचसीसी अस्पताल में अंतिम साँस ली , वह कैंसर से पीड़ित थे l भाजपा के कद्दावर जाट नेता के तौर पर राजस्थान में पहचान रखने वाले डॉ सिंह ने वर्ष 2014 में सबसे अधिक सुर्खियां बटोरी थी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी रहे सिंह को पार्टी ने आठ माह के भीतर ही दो चुनाव में उम्मीवार बनाया था। लेकिन सिंह दोनों ही चुनाव हार गए थे। जिसके बाद पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री के फैसले पर कई सवाल खड़े हुए थे।

दरअसल वर्ष 2013 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में डॉ दिगंबर सिंह को उनकी परंपरागत डीग-कुम्हेर सीट से भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया था। लेकिन भाजपा लहर होने के बाद भी वे कांग्रेस के विश्वेन्द्र सिंह से करीब 11000 मतों से चुनाव हार गए थे। इसके बाद  मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी होने का उन्हें लाभ  मिला और पार्टी ने आठ माह बाद ही झुंझुंनू जिले की सूरजगढ विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में पुन: अपना प्रत्याशी बनाया। जाट बाहुल्य ईलाका होने के बाद भी डॉ सिंह को यहां भी हार का सामना करना पड़ा। जैसे ही डॉक्टर सिंह की मौत की खबर फैली अस्पताल में उनके चाहने वालों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया l भरतपुर में शोक की लहर दौड़ गई l मुख्यमंत्री और अन्य नेता भी अस्पताल पहुंच गए l