हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला का बेटा विकास बराला और उसका दोस्त आशीष गिरफ्तार

0
620

चंडीगढ़ –  हरियाणा भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला और उसके दोस्त आशीष को शुक्रवार देर रात को लड़की से छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आज शनिवार को पुलिस ने दोनों को जमानत पर छोड़ दिया। पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के मुताबिक भाजपा अध्यक्ष का बेटा विकास बराला और उसका दोस्त शुक्रवार रात को अपनी गाड़ी से घर जा रहे थे। विकास बराला एलएलबी का छात्र है जबकि उसका दोस्त आशीष एलएलबी कर चुका है। दोनों शराब के नशे में थे। रास्ते में करीब रात के बारह बजे उन्हें कार ड्राइव करते हुए एक लड़की दिखी। दोनों ने लड़की की कार का पीछा करना शुरू कर दिया। उन्होंने लड़की की कार के आगे अपनी कार लगा दी और उसे कार से बाहर उतारने की कोशिश की। इस दौरान वह कमेंट करते रहे और उसकी गाड़ी पर कई बार हाथ मारा। दोनों युवक एलएलबी के छात्र हैं। युवती की शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने गत देर रात 12.30 बजे दोनों आरोपियों को हाउसिंग बोर्ड के पास से गिरफ्तार कर लिया। विकास बराला वरिष्ठ भाजपा नेता का बेटा है।

सेक्टर-26 पुलिस थाने में पत्रकारों से बातचीत में डीएसपी सतीश कुमार ने बताया कि हरियाणा के एक आइएएस की बेटी ने छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच की जा रही है। थाने में 354 डी के तहत मामला दर्ज कर दिया गया है।