
नोएडा – उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़े स्तर पर पैसे उगाहने का मामला सामने आया है l एक-दो पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि पूरी की पूरी नोएडा क्राइम ब्रांच पर ही उगाही के इस धंधे में संलिप्तता का संदेह है l व्हाट्सएप्प पर कुछ पुलिस अधिकारियों के रिश्वत से जुड़े मैसेज वायरल होने के बाद नोएडा एसएसपी अजय पाल शर्मा ने लगभग पूरी क्राइम ब्रांच की टीम को भंग कर जांच का आदेश जारी कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा उगाही के इस मामले में व्हाट्सएप्प वायरल मेसेज में रेट लिस्ट तैयार की गई है। जिसमें पहले से तय किया गया है कि इलाके के व्यापारियों से कितनी उगाही करनी है। उगाही की यह लिस्ट सोशल मीडिया पर भी वायरल हो चुकी है। इंस्पेक्टर से लेकर SP तक को मिलने वाले पैसों का इस बही खाते में लेखा जोखा है l
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले का खुलासा तब हुआ जब टीम के कुछ पुलिस अधिकारियों को इस रेट लिस्ट में बांटी जा रही रकम को लेकर आपस में मतभेद शुरू हो गया। जिसमें से एक अधिकारी ने इस रेट लिस्ट को उत्तर प्रदेश डीजीपी को भेज दिया। इस रेट लिस्ट में किस इलाके के व्यापारियों से कितनी उगाही करनी है और किस पुलिस अधिकारी को कितनी रकम सौंपनी है यह पहले से तय है। बता दें कि नोएडा एसएसपी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।