रिपोर्ट – कान्ता पाल – नैनीताल – एक निजी कार्यक्रम में प्रतिभाग करने नैनीताल पहुंचे हरिद्वार जिले के खानपुर से विधायक कुंवर प्रणव ‘चैंपियन’ ने कहा “मैं प्रतिवर्ष बाबा भीमराव अम्बेडकर का जन्मोत्सव मनाकर दलित महिलाओं और पुरुषों को सम्मानित भी करता हूँ, मुझे ख्याल आया कि बाबा साहब का इतना बड़ा योगदान है कि उन्होंने भारत का संविधान बनाने से पहले 60 देशों के संविधान को भली भांति पढ़ा था । ये भारत रत्न नहीं बल्कि ये तो विश्व रत्न हैं और ऐसी महनुभूति को राष्ट्रपिता बनाया जाना चाहिए और भारत की करेंसी पर उनकी तस्वीर छपनी चाहिए” उन्होंने ये भी कहा कि महात्मा गांधी का इसमें कोई योगदान नहीं था।
चैंपियन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनके इस बयान के बाद कांग्रेस पार्टी तिलमिला गई है और प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर शिकायत की थी । चैंपियन ने कहा कि कांग्रेसी कह रहे है मैं गांधी जी का अपमान कर रहा हूँ और वो इसके खिलाफ मुकदमा दायर करेंगे। उन्होंने कांग्रेस को 58 इंच का सीना दिखाकर चुनौती दी है कि वो मुकदमा तो दर्ज कराए वे किसी भी स्थिति का सामना करने को तैयार है।

























