मधुबन /करनाल – हरियाणा पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने हरियाणा सशस्त्र पुलिस मधुबन का निरीक्षण किया था तथा पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण कर इसके संरक्षण का संदेश दिया ।
उन्होंने पुलिस अकादमी की विभिन्न ईकाइयों का भ्रमण साईकिल द्वारा किया l अकादमी के निदेशक आलोक कुमार रॉय भी उनके साथ रहे । डीजीपी ने इस अवसर पर कहा कि हरियाणा पुलिस अकादमी देश की अग्रणी पुलिस प्रशिक्षण अकादमियों में से एक है। वर्तमान में अपराध और अपराधियों का बदलता स्वरूप सभ्य समाज में एक चुनौती है। एक अच्छा पुलिस प्रशिक्षण इन चुनौतियों का पेशेवर और कुशल तरीके से सामना करने के लिए पुलिस को सक्षम बनाता है। अकादमी में संसाधनों की उपलब्धता के लिए पुलिस मुख्यालय व सरकार द्वारा हर संभव सहायता की जाएगी। उन्होंने अकादमी में ऑनलाईन प्रशिक्षण सुविधाओं का समावेश करने का सुझाव भी दिया।
डीजीपी मनोज यादव ने अकादमी में प्रशिक्षणार्थियों के लिए बने आवास, शिक्षण खण्ड, स्टेडियम, जिम्रेजियम हॉल, कौशल केंद्र, शस्त्रशाला, सीपीसी केंटीन, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल का दौरा किया तथा हरियाणा पुलिस तथा हरियाणा पुलिस आवास निगम के अधिकारियों के साथ प्रशिक्षण सुविधाओं की समीक्षा की। इन ईकाइयों के भ्रमण पश्चात डीजीपी ने एक बैठक में विचार विमर्श किया जिसमें हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन के निदेशक ने पुलिस मुख्यालय पर अकादमी की ओर से भेजे गए प्रस्तावों के बारे में बताया। अकादमी तथा करनाल रेंज के महानिरीक्षक योगिन्द्र सिंह नेहरा ने बैठक में अकादमी के बारे में प्रस्तुति दी। अकादमी निदेशक आलोक कुमार रॉय ने अकादमी के भ्रमण व महत्वपूर्ण निर्देशों के लिए डीजीपी मनोज यादव का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके दौरे से अकादमी में तेजी से आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं को विकसित करने में सहायता मिलेगी।
इस निरीक्षण कार्यक्रम में अकादमी के ट्रेनिंग एडवाइजर एवं पूर्व पुलिस महानिरीक्षक सतप्रकाश रंगा, पुलिस अधीक्षक कृष्ण मुरारी, उप पुलिस अधीक्षक राजकुमार, उप पुलिस अधीक्षक शीतल सिंह धारीवाल, उप पुलिस अधीक्षक सुन्दर सिंह, उप पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी देवी, इंस्पेक्टर सुशील प्रकाश, अमरीक सिंह, रणधीर सिंह, कन्नूप्रिया विपिन कुमार, अनिल कुमार व अकादमी की सभी ईकाइयों के प्रभारी, हरियाणा पुलिस आवास निगम के अधीक्षक अभियंता केएन भट्ट व एक्सइन संजीव कुमार भी उपस्थित रहे।






















