इन्द्री- विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हीप रामकुमार कश्यप को ज्ञापन सौंपा गया । विधायक ने विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि ज्ञापन के माध्यम से गौ रक्षा, गौ संरक्षण, गौशाला तथा गाय माता को बचाने से संबंधित सुझाव एवं मांगे हैं, उन सभी मांगो और सुझावों को वे स्वयं मुख्यमंत्री जी से मिलकर उनके संज्ञान में लाएंगे तथा इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

विधायक ने कहा कि इन्द्री में गत दिनों गौवंश के अवशेष मिलने वाली घटना को लेकर प्रशासन तथा पुलिस द्वारा व्यवस्थित तरीके से कार्रवाई की जा रही है तथा पुलिस द्वारा कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे जिन भी शरारती अथवा असामाजिक तत्वों की साजिश है, उनको बख्शा नहीं जाएगी तथा कानून के तहत उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलवाई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो सके।
उन्होंने कहा कि इंद्री में जितने भी बेसहारा गोवंश घूम रहे है, उनको पकड़कर भादसो स्थित गौशाला में भेजा जा रहा है और अभी तक 20 से ज्यादा गायों को भेजा जा चुका है। जल्द ही सभी बेसहारा गौवंश को इस गौशाला में पहुंचा दिया जाएगा ताकि उनकी अच्छी तरह से देखभाल हो सके। उन्होंने ये भी कहा कि वे तथा भाजपा के कार्यकर्ता गायमाता की भलाई तथा उनके संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करेंगे।
























