करनाल – जिला पुलिस ने फर्जी पीए बनकर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने आरोपी ओम प्रकाश उर्फ प्रदीप पुत्र लाजपत राय, मूल निवासी समाना मंडी, जिला पटियाला (पंजाब) व हाल निवासी गली नंबर 12,कर्ण विहार, करनाल को गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त शिकायत के अनुसार आरोपी खुद को मेयर का पीए बताकर लोगों को झांसा देता था और उनसे पैसे लेकर ठगी करता था। आरोपी पहले भी कई लोगों को इसी प्रकार ठग चुका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिविल लाइन करनाल में आरोपी के खिलाफ मुकदमा नंबर 294 दिनांक 01/05/2026 धारा 316(2), 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया गया तथा आज न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जिला पुलिस करनाल आमजन से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर पैसे का लेन-देन न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।























