करनाल- तरावड़ी में पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश सीसीटीवी में कैद

0
23

करनाल- करनाल के तरावड़ी स्थित जीटी रोड पर बने चौधरी पेट्रोल पंप पर शनिवार तड़के सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर पेट्रोल डलवाने के बहाने पहुंचा l सुबह करीब 4:25 बजे आरोपी बिना नंबर प्लेट की काली मोटरसाइकिल पर आया। उसने 100 रुपए का पेट्रोल डलवाया और सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार किया। जैसे ही सेल्समैन सुरेश कुमार अपने काम की ओर बढ़ा, आरोपी उसके पीछे-पीछे शोरूम तक पहुंच गया।

अचानक आरोपी ने जेब से पिस्तौल निकालकर सुरेश कुमार पर तान दी और कैश देने की धमकी दी, लेकिन हालात तब बदले जब सुरेश कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए पिस्तौल पर हाथ मार दिया और जोर से शोर मचा दिया। आरोपी ने हेलमेट पहना हुआ था और बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया था

शोर सुनकर पास में मौजूद नरेश कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों कर्मचारियों और आरोपी के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने फायर कर दिया, लेकिन गोली हवा में निकल गई। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। अफरा-तफरी के बीच आरोपी मौके से भाग निकला। बिना नंबर प्लेट की बाइक होने के कारण उसकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोल बरामद किया और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी l