करनाल -विद्यालय ने किया 95% से अधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान

0
14
करनाल – राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करने हेतु एक प्रेरणादायक पहल की गई। विद्यालय में 95% से अधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले कुल 134 मेधावी विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र एवं आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शिक्षकों के उत्कृष्ट योगदान को भी सराहा गया। विशेष रूप से विज्ञान विषय की अध्यापिका श्वेता, पंजाबी शिक्षिका ममता, गणित प्राध्यापक अजय कुमार शर्मा एवं अंग्रेजी प्राध्यापक दीपक कुमार को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नरवाल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों में नियमित उपस्थिति की आदत विकसित करना शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि निरंतरता, अनुशासन और परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं, और इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे अधिकारी रोहताश वर्मा ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में सफलता उन्हीं को मिलती है जो अनुशासित और नियमित होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्कूल में नियमित उपस्थिति न केवल पढ़ाई में सुधार लाती है, बल्कि जीवन में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करती है। उन्होंने इस पहल के लिए विद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास निश्चित रूप से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। इसके उपरांत उन्होंने विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं उपहार वितरित किए।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, सत्र 2024-25 में जहां 31 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया था, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 134 हो गई है, जो विद्यालय के निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर होने का प्रमाण है।
कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और सभी ने इस पहल की सराहना की।