करनाल -ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य जागरूकता के साथ वितरित की गई दवाइयां व गुड़-चना

0
22
करनाल – भारत विकास परिषद, कर्ण शाखा द्वारा “एनीमिया मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत गांव सुभरी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ग्रामीण महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए निःशुल्क रक्त जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 50 महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच करवाई और विशेषज्ञों से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में कर्ण शाखा की अध्यक्ष डॉ. रचना चौधरी ने उपस्थित महिलाओं को भारत विकास परिषद के सेवा कार्यों एवं विभिन्न सामाजिक आयामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और मजबूत समाज की आधारशिला होती है। महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
शाखा सचिव एवं आयुष्मान आयुर्वेद मंदिर, गांव सुभरी की आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. प्रिंसी चौहान ने महिलाओं को एनीमिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने पौष्टिक आहार, हरी सब्जियों, फल, गुड़, चना एवं आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन पर विशेष जोर दिया।
इसके पश्चात बत्रा क्लीनिकल लैब, मॉडल टाउन, करनाल की टीम द्वारा सभी महिलाओं एवं बालिकाओं की निःशुल्क रक्त जांच की गई। जांच के उपरांत एनीमिया से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं को दवाइयों के साथ गुड़ और चना वितरित किया गया, ताकि उनमें पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इस अवसर पर कर्ण शाखा की कोषाध्यक्ष डॉ. वंदना गुलाटी, सेवा संयोजक प्रियंका भारद्वाज, महिला सहभागिता संयोजक भावना कपूर, मनीषा अरोड़ा, प्रणव जावा, अभय अरोड़ा, डॉ. गुलशन गुलाटी एवं डॉ. आशीष पसरीचा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और शिविर को सफल बनाने में सहयोग दिया।