करनाल- राजकीय कन्या आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रेलवे रोड, करनाल में नवप्रवेशी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए एक प्रभावी ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नरवाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा को सही दिशा प्रदान करना, अभिभावकों को विद्यालय की कार्यप्रणाली एवं नीतियों से अवगत कराना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय और अभिभावकों की साझी भूमिका को सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
प्रधानाचार्य ने विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए विद्यालय में सभी विषयों की सुसज्जित प्रयोगशालाएं, स्टेम लैब, रोबोटिक लैब, कंप्यूटर लैब, भाषा लैब, सीसीटीवी कैमरों से युक्त स्मार्ट कक्षाएं तथा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष संसाधन कक्ष एवं प्रशिक्षित विशेष शिक्षकों की व्यवस्था उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने हेतु समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कला उत्सवों एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों का आयोजन भी किया जाता है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, गृहकार्य पर ध्यान देने, शिक्षकों के साथ सतत संवाद बनाए रखने तथा बच्चों के प्रति सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मूल्य आधारित शिक्षा एवं चरित्र निर्माण विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इसमें अभिभावकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में 11 एसएमसी सदस्यों सहित कुल 286 अभिभावकों में से 243 अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान अभिभावकों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा की प्रेरणादायी उपस्थिति तथा विद्यालय स्टाफ के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की योजना, मंच संचालन एवं सफल आयोजन में सीमा (अंग्रेज़ी), रजनीत कौर, प्रीति, ममता, मनदीप कौर, सिमरन, रितु, श्वेता, नीलम, आँचल, सीमा सुखीजा, नवदीप, सविता, खुशबू एवं मनजीत कौर की विशेष भूमिका रही। वहीं राय सिंह, विनोद, कुलदीप, रामराज, राजकुमार, पंकज, दिनेश (अंग्रेज़ी), राजपाल तथा मनोज ने रिफ्रेशमेंट एवं अनुशासन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ तथा सभी अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना की।
























