करनाल – हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि एक हजार वर्ष की गुलामी के कालखंड में देश की संस्कृति, अर्थव्यवस्था और गौरव को गहरी चोट पहुंचाई गई। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पुन: अपनी जड़ों की ओर लौटते हुए स्वाभिमान के साथ नई ऊंचाइयों को छू रहा है।


कल्याण आज यहां सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के मौके पर कुंजपुरा रोड स्थित सनातन धर्म मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की गई। इस मौके पर शिव तांडव और भाषा एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा शिव स्तुति के भजन प्रस्तुत किए गए। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सबके लिए यह गौरव का क्षण है। यह पर्व स्वाभिमान से जुड़ा है। एक हजार वर्ष की गुलामी के कालखंड मुगलों और अंग्रेजों ने देश की संस्कृति, अर्थ व्यवस्था और गौरव को गहरी चोट पहुंचाई। यहां के ज्ञान भंडार को जलाया गया। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पुन: अपनी जड़ों की ओर लौटते हुए स्वाभिमान के साथ नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यह गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि कृतज्ञ हैं कि प्रधानमंत्री ने कठिन तपस्या से राष्ट्र को उस मार्ग पर खड़ा किया है जहां हम 1947 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। श्री कल्याण ने संबोधन में 25 साल पुराने गुजरात प्रवास का एक प्रेरक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि सोमनाथ मंदिर के बाहर 90 वर्षीय एक महिला ने उस समय के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा था कि यही व्यक्ति उनके मंदिरों की रक्षा कर सकता है। विधानसभा अध्यक्ष ने आक्रमणकारियों द्वारा शिवलिंग व मंदिर को खंडित किए जाने के अपमानजनक इतिहास को याद करते हुए आज के बदलते भारत की तुलना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में सभी को आगे बढ़ते हुए बच्चों को अध्यात्म, संस्कृति व जड़ों से जोड़ना होगा ताकि वे दुनिया में भारत का परचम लहरा सकें। मुख्यमंत्री तीर्थ योजना और महापुरुषों की जयंती का आयोजन राज्य स्तर पर करने से संस्कृति मजबूत हुई है।
इससे पहले असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने कहा कि भारत की संस्कृति व सभ्यता किसी अन्य मुल्क से मेल नहीं खाती। यह महापुरुष, संत-महात्माओं और वीरों की भूमि है। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में 12 वर्षों में कई मंदिरों का जीर्णोद्धार हुआ है। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का सपना भी भाजपा सरकार के शासन में साकार हुआ। प्रदेश में पिछले 12 सालों से महापुरुषों की जयंती राज्य स्तर पर मनाई जा रही है। सरकार ने इतिहास के पन्नों में दबी चीजों को पटल पर लाने का प्रयास किया है। ऐसे कार्यक्रमों से सर्व समाज की आस्था मजबूत होती है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुनाया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने संत-महात्माओं को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, मुख्य सचेतक एवं विधायक, असंध के विधायक, जिला भाजपा अध्यक्ष तथा मेयर को स्मृति चिह्न के रूप में शंख प्रदान किए गए।
इस मौके पर विधायक एवं मुख्य सचेतक रामकुमार कश्यप, मेयर रेणु बाला गुप्ता, पूर्व मेयर शशि पाल मेहता, जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर, प्रभारी भारत भूषण जुयाल, पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी, उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, एडीसी डा. राहुल रईया, एमडी चीनी मिल अदिति, सहायक आयुक्त (प्रशिक्षणाधीन) सोहम शैलेंद्र, शहर के प्रबुद्धजन, मंदिर के पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।
सोमनाथ मंदिर के इतिहास पर भव्य प्रदर्शनी ने किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा सोमनाथ मंदिर के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने अवलोकन किया। सोमनाथ मंदिर के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी ने कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों को मंदिर के उद्भव और इतिहास बारे जागरूक किया। यह लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। जिला स्तरीय समारोह में भगवान शिव स्तुति भजन प्रस्तुति सहित ओम कार मंत्र जाप तथा सोमनाथ से जुड़ी कथाओं का वाचन किया गया।
चार प्रमुख मंदिरों से निकाली गई कलश यात्रा
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में शहर के चार प्रमुख मंदिरों से भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई कुंजपुरा रोड स्थित सनातन धर्म मंदिर में संपन्न हुईं। इस दौरान श्री महाबीर दल मंदिर कुंजपुरा रोड, प्राचीन शिव मंदिर चार चमन, श्री शिव मंदिर सराफा बाजार, श्री दुर्गा मंदिर, पुराना बस स्टैंड मंदिरों से कलश यात्रा निकाली गई। इन कलश यात्राओं की मुख्य विशेषता यह रही कि सभी मंदिरों से लाए गए कलशों में पवित्र गंगाजल भरा हुआ था। सनातन धर्म मंदिर पहुँचने पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने सनातन धर्म मंदिर के पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
























