पानीपत – XEN के बेटे का अपहरण: बदमाशों से मुठभेड़ के बाद पुलिस ने किया सकुशल बरामद

0
31

पानीपत –  पानीपत से महिला XEN के बेटे का अपहरण करके भाग रहे बदमाशों को पानीपत पुलिस ने रोहतक में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस ने बच्चे को अपहरण के बाद महज 11 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया l बदमाशों ने पहले पुलिस पर फायरिंग की तो जवाबी कार्यवाही में पुलिस ने भी गोली चलाई , जो दोनों बदमाशों के पैरों में लगी l दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाशों के साथ एक लड़की को भी मौके से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, पानीपत थर्मल प्लांट की महिला XEN सुनीता के पति समीर DGM है, जो जयपुर में कार्यरत है। शुक्रवार को इन आरोपियों ने पानीपत में एक्सईएन के सरकारी आवास से उनके 12 वर्षीय बेटे का अपहरण कर लिया था और डेढ़ करोड़ की फिरौती मांगी थी। इसके बाद से  पानीपत सीआईए-2, गोहाना पुलिस और रोहतक सदर थाना पुलिस बदमाशों के पीछे लगी हुई थी।

अपहरणकर्ता बदमाश पानीपत नंबर की डिजायर गाड़ी में बच्चे को लेकर भाग रहे थे। रोहतक में पुलिस से खुद को घिरता देख तीनों ने बच्चे को गाड़ी से नीचे फेंक दिया। इसमें बच्चा भी घायल हो गया। उसे पीजीआई में भर्ती कराया गया है l विभिन्न टीमों के बीच बेहतर तालमेल और लगातार की गई कार्रवाई के कारण बच्चे को सुरक्षित मुक्त कराकर पुलिस टीमों को बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है l डीजीपी ने  इस अभियान में शामिल सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए ₹1 लाख नकद पुरस्कार तथा प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की है ।