करनाल – सेवा भारती हरियाणा प्रदेश (रजि.) द्वारा पहले की तरह इस बार भी करवा चौथ पर मेहंदी के स्टॉल लगाए जा रहे हैं l करवा चौथ के उपलक्ष्य में महिलाओं के हाथों पर मेहंदी लगाने के लिए 27, 28 और 29 अक्टूबर को शहर में विभिन्न स्थानों पर मेहंदी के स्टॉल लगाए जा रहे हैं । इन स्टॉलों पर मेहंदी कला में प्रशिक्षित बहनों द्वारा महिलाओं के हाथों पर मेहंदी लगाई जाएगी। यह प्रकल्प पिछले 6 वर्षों से सफलतापूर्वक किया जा रहा है। हर वर्ष बेटियों को पहले सेवा भारती द्वारा प्रशिक्षण दिया जाता है फिर प्रशिक्षित बहनों द्वारा स्टालों पर मेहंदी लगाई जाती है l


सेवा भारती के प्रांत उपाध्यक्ष रोशन लाल गुप्ता ने बताया कि इस मेहंदी प्रकल्प के तहत करीब 100 बेटियों को प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारा गया है। शहर में 11 विभिन्न स्थानों पर स्टाल लगाकर यह प्रकल्प संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य बेटियों की प्रतिभा को निखार कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपनी कला और हुनर के माध्यम से आगे बढ़ सकें और स्वावलंबी बनें। उन्होंने बताया कि सेवा भारती द्वारा स्वावलम्बी प्रकल्प के तहत हर जिले में बेटीयों को स्वावलम्बी बनाने के लिए काम किया जा रहा है जिसमें कम्प्यूटर प्रशिक्षण, सिलाई ,बिजली की लड़ियाँ बनाना , एलईडी बल्ब बनाना , रूप सज्जा प्रशिक्षण, मेहंदी प्रशिक्षण दिया जा रहा है l
संस्था की ओर से शहर में कुल 11 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें सेक्टर-6 स्थित शिव मंदिर, पीएनबी एटीएम के पास 2 स्टॉल, सेक्टर-7 में भारत माता मार्केट के सामने 2 स्टॉल, सेक्टर-8 मार्केट में 1 स्टॉल, नरसी विलेज के तिरंगा चौक पर 1 स्टॉल, सेक्टर-32 में टू वैल्यू प्रॉपर्टी, मेन रोड पर 1 स्टॉल, सेक्टर-13 में राम वाटिका पार्क, डॉ. गुप्ता काला मार्केट के पास 2 स्टॉल, सनातन धर्म मंदिर के सामने 1 स्टॉल, दुपट्टा मार्केट में फ्लाईओवर के नीचे 1 स्टॉल तथा सत्य सेवा सदन, मॉडल टाउन में 1 स्टॉल शामिल हैं।
सेवा भारती के जिलाध्यक्ष विपिन अरोड़ा ने बताया कि सेवा भारती का उद्देश्य महिलाओं को पारंपरिक मेहंदी कला के माध्यम से सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। संस्था की ओर से इस आयोजन में अधिक से अधिक महिलाओं से भाग लेने की अपील की गई है। सेवा भारती के प्रान्त सह कोषाध्यक्ष सुरेंद्र गोयल ने बताया कि इस मेहंदी प्रकल्प के माध्यम से बेटियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। सेवा भारती का प्रयास है कि बेटियां अपने हुनर को निखारकर आत्मनिर्भर बनें और समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित करें।

























