करनाल – बुधवार से बंदरो को पकडऩे वाली टीम ने शहर में अपना काम शुरू कर दिया है। अलग-अलग जगहों पर पिंजरे लगाकर 2 दिन में 11 बंदरों को पकड़ा गया है। शुक्रवार को पकड़े गए सभी बंदरों को निगम कर्मचारियों की देखरेख मेें वन विभाग के कलेसर स्थित आरक्षित वन में छोड़ा गया। वाहन के साथ गए कर्मचारी कलेसर फोरेस्ट के कर्मचारी से बंदरों के सपुर्दगी की रसीद यानि प्रमाण लेकर भी आए हैं। यही नहीं रिकॉर्ड के लिए पकड़े गए बंदरों की फोटो भी ली गई है।
निगम आयुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने इस सबंध में बताया कि बंदर पकडऩे वाली टीम का कार्य तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी बंदर पकड़े नही जाते। यह कार्य मथूरा के ठेकेदार रईसखान को दिया गया है, जिनके पास 4 आदमियों की टीम है और 2 पिंजरे हैं, 2 दिन में ही 11 बंदर पकड़े जा चुके हैं। उन्होने बताया कि बंदरो को कैच करने के लिए पिंजरे फिलहाल उन जगहों पर रखे जा रहे हैं, जहां के लोगों की शिकायतें नगर निगम में प्राप्त हुई हैं। दूसरी ओर टीम के सदस्य शहर में ऐसी जगहों पर भी पिंजरे लगा रहे हैं, जहां बंदर ज्यादा संख्या में हैं।
उन्होने बताया कि शहर के नागरिक भी अपने एरिया में बंदर होने की सूचना दे सकते हैं, सूचना मिलने पर बंदरों को पकड़ लिया जाएगा। लोगों को अब बंदरो के खोफ से भयभीत होने की जरूरत नहीं है, बल्कि इन्हे पकडऩे की सूचना जरूर दें।

























