करनाल- आज से नए युग का प्रारंभ हुआ है : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

0
70

करनाल- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अयोध्या में आयोजित श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण करनाल के श्री कर्णेश्वर महादेव मंदिर से देखा। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम देखकर मन भाव विभोर हो गया है। इस प्रसन्नता में न केवल पूरे देश बल्कि विश्व के करोड़ों लोग शामिल हैं। एक नए युग का प्रारंभ हुआ है।

करनाल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि हम कहते थे कि सौगंध राम की खाते हैं, हम मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन कांग्रेस के लोग कहते थे मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। हम श्रीराम के वंश हैं, मंदिर वहीं बनाया है, 22 जनवरी 2024 को एक नया सवेरा आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हर्ष और खुशी का दिन है। इस अवसर पर उन्होंने हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश की जनता को हार्दिक बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान एक नन्हे बच्चे ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। बच्चे की भगवान श्रीराम में आस्था देखकर मुख्यमंत्री ने उसे गोद में उठा लिया और उसे लेकर झूमने लगे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरूआत में राम भजन की पंक्तियां भी गुनगुनाई। उन्होंने गाया कि देश का बच्चा-बच्चा राम है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान श्री राम के जयकारे लगाए।

मुख्यमंत्री ने श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर करनाल जिला की तीन गौशालाओं को अनुदान का चैक दिया। इस दौरान उन्होंने अखाड़ा बाबा साहिब गिरी गऊ चिकित्सालय, करनाल को 2 लाख 10 हजार रुपये, श्री कृष्ण कृपा गऊशाला, करनाल को 6 लाख 72 हजार रुपये का अनुदान, श्री राधा कृष्ण गौशाला, करनाल को 9 लाख 3 हजार रुपये की अनुदान राशि का चैक दिया गया।

करनाल के सांसद संजय भाटिया ने भगवान श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की देश और प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारी आस्था के लिए आज बड़ा ही गौरव का दिन है। 500 वर्षों के संघर्षों के बाद, जिस दौरान हमारे बुजुर्गों ने कुर्बानी दी, जो सपना उन्होंने देखा था, आज वह पूरा हुआ है। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर बन गया है। उन्होंने कहा कि लोगों में बहुत उत्साह है, इसका प्रमाण एक दिन पहले पानीपत में आयोजित शोभा यात्रा में देखने को मिला, जब लाखों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और प्रभू श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर उत्सव मनाया।

अयोध्या में श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर स्थानीय श्री कर्णेश्वर महादेव मंदिर के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में सूचना, जन संपर्क, भाषा एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के लोक कलाकारों ने भजन कीर्तन से श्रद्धालुओं को प्रभु श्री राम की भक्ति रस से सराबोर किया। करनाल के पूर्व जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी धर्मबीर सिंह द्वारा रचित लोक गीत श्री राम के वंशज है हम, मंदिर वहीं बनाया है, 22 जनवरी सन 2024 को नया सवेरा आया है, पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा पंडाल जय श्री राम, जय श्री राम के नारे से गुंज उठा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन से पूर्व श्री कर्णेश्वर महादेव मंदिर में कलश की स्थापना की तथा मंदिर की रजत जयंती की शुभकामनाएं दी।