करनाल –  पंजाब में भाजपा विधायक से हुई मारपीट के विरोध में भाजपा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन 

0
115

करनाल – पंजाब में भाजपा विधायक अरूण नारंग को निर्वस्त्र कर हुई मारपीट के विरोध में आज कमेटी चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार और कांग्रेस का पुतला फूका। भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा ने कहा कि पंजाब में विधायक के साथ मारपीट और कपड़े फाड़ने की जो घटना हुई है, उसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। यह बहुत निंदनीय घटना है। लोकतांत्रिक पद्धति में सभी का भरोसा बना रहना चाहिए यह सभी की जिम्मेदारी है। एक विधायक ही नहीं किसी सामान्य व्यक्ति की गरिमा तार-तार होना सही नहीं है। पंजाब में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। पंजाब के राजनीतिक इतिहास में कभी ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना नहीं हुई है। यह घटिया राजनीति है और कोई भी इंसान या विपक्ष इसकी निंदा किए बिना नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह प्रदेश में कानून-व्यवस्था व सत्ता संभालने में पूरी तरह फेल हो चुके हैं और प्रदेश में अराजकता का माहौल बन चुका है। भाजपा विधायक पर हुए जानलेवा हमले ने पंजाब में कानून-व्यवस्था की नाकामी को उजागर कर दिया है। अगर कैप्टन अपने निर्वाचित विधायक को सुरक्षा नहीं दे सकते तो प्रदेश में आम लोगों के हाल का अंदाजा लगाया जा सकता है। राणा ने मुख्यमंत्री कैप्टन से इस्तीफे की मांग की। जिलाध्यक्ष ने केंद्र सरकार से मांग की है कि लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली इस घटना को लेकर पंजाब की कांग्रेस सरकार को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त किया जाए।