करनाल – मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नये स्टेडियम का नाम सरदार मिल्खा सिंह के नाम पर रखने की घोषणा की

0
70

करनाल –  हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार सायं शहर के वार्ड 16 स्थित गप्पू वाला बाग स्थल पर, करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से करीब 4 एकड़ में बनाए गए मिनी खेल स्टेडियम को उडऩ सिख सरदार मिल्खा सिंह खेल मैदान का नाम देने की घोषणा की और कहा कि खेल मैदान के गेट पर उनकी एक प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने इसके साथ लगती करीब अढ़ाई एकड़ भूमि पर सामुदायिक केन्द्र व इसके प्रथम तल पर लाइब्रेरी बनाने की भी घोषणा की और कहा कि खेल मैदान के एक कोने पर योगा शैड बनाया जाएगा, जिसमें योग कक्षाएं लगेंगी। इसके अतिरिक्त यह भी घोषणा की कि करनाल से सटे कैलाश गांव में उपलब्ध 7 एकड़ जमीन पर, करीब 8 करोड़ रूपये की लागत से हॉकी का एस्ट्रोटर्फ मैदान बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस खेल मैदान के आस-पास गरीब व मध्यम वर्ग की घनी आबादी है, उनकी सुविधा के लिए इस वार्ड के पार्षद या मेयर जो भी मांग करेंगे, उसे भी पूरा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में, के.एस.सी.एल. की ओर से करीब 8 करोड़ 22 लाख रूपये की लागत से तैयार मिनी खेल स्टेडियम, अटल पार्क का सौंदर्यीकरण, विभिन्न सड़कों का सुदृढ़ीकरण तथा फुटपाथों पर टेक्टाईल से निर्माण कार्य सहित, 4 परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा अब खेलों का हब बन गया है, यहां खिलाड़ियों के लिए हर संभव सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों ओलम्पिक खेलो में इस प्रदेश के होनहार खिलाड़ियों ने मेडल जीत कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया था। इन खेलों में देशभर के खिलाड़ियों ने जितने मेडल जीते थे, उनमें 40 प्रतिशत हरियाणा के खिलाड़ियों के थे। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों व नौजवानों से कहा कि वे भी मिल्खा सिंह की तरह बनें।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने मिनी खेल स्टेडियम में बनाए गए वॉलीबॉल कोर्ट में खिलाड़ियों के अभ्यास मैच का शुभारम्भ किया, वॉलीबॉल पर ऑटोग्राफ दिया। इसी प्रकार हॉकी के मैदान मौजूदा हॉकी खिलाड़ियों से संवाद कर हॉकी पर ऑटोग्राफ दिया और हॉकी से एक गेंद खेलकर इस खेल का भी शुभारम्भ किया। दोनों खेलों के खिलाड़ियों से उन्होंने संवाद कर उनसे परिचय लिया और खेल में आगे बढ़ने के लिए उत्साहित किया।
करनाल के सांसद संजय भाटिया ने इस खुशगवार कार्यक्रम में इस क्षेत्र के नागरिकों को मिनी खेल स्टेडियम की बधाई दी और कहा कि बीते साठ-सत्तर साल में पिछली सरकारें जो नहीं कर सकी, वो सब मौजूदा सरकार ने कर दिखाया है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद बच्चों से कहा कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी खेलें, ताकि उनका मानसिक और शारीरिक विकास हो।
कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश के खेल मंत्री संदीप सिंह ने बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के हर वर्ग की भलाई के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि आज जिस मिनी स्टेडियम में कार्यक्रम हो रहा है, कभी यहां गंदगी का आलम था और आज एक साफ-सुथरा वातावरण दिखाई दे रहा है। प्रदेश और देश को स्वच्छ बनाना, भाजपा सरकार की प्राथमिकता रही है। खेल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने एशियन गेम हो या ओलम्पिक हर जगह नाम कमाया है। प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए हर प्रकार की सुविधाएं मौजूद हैं, खिलाड़ियों को नौकरी, धन और शोहरत दी जाती है। प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए प्रतिदिन की डाइट और ट्रैक सूट की राशि को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की खेल नीति का आज दूसरे राज्य भी अनुसरण कर रहे हैं।
मेयर रेनू बाला गुप्ता ने मुख्यमंत्री, खेल मंत्री और सांसद का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गप्पू वाला बाग जहां कूड़े के ढेर लगे रहते थे, आज एक सुंदर खेल मैदान में परिवर्तित हो गया है, इससे यहां के बच्चों में रौनक आई है। उन्होंने खेल मैदान के साथ लगती अढाई एकड़ जगह पर कम्युनिटी सेंटर और लाईब्रेरी ने मांग रखी और कहा कि इन सुविधाओं से इस एरिया का चहुंमुखी विकास हो सकेगा।