करनाल- अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 14 वाहन जब्त

0
25

करनाल- जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गत दिवस इंद्री रोड पर 14 वाहनों को जब्त किया गया है। जिला खनन अधिकारी विनय शर्मा ने बताया कि उपायुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा के निर्देशानुसार जिला खनन विभाग लगातार अवैध खनन गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में हरियाणा राज्य परिवर्तन ब्यूरो करनाल, लोकल पुलिस टीम इंद्री तथा खनन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बिना बिल के खनिज परिवहन कर रहे 14 वाहनों को पकड़ा। सभी वाहनों को मधुबन पुलिस परिसर में खड़ा कराया गया है।


विनय शर्मा ने बताया कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध खनन एवं अवैध परिवहन गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन अथवा अवैध परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।