करनाल – करनाल स्थित कश्यप धर्मशाला में रविवार को कश्यप महापंचायत हरियाणा की प्रदेश स्तरीय महाबैठक का भव्य आयोजन किया गया। इस महाबैठक में हरियाणा के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में पहुंचे कश्यप समाज के लोगों ने भाग लेकर समाज की एकता और संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कश्यप महापंचायत हरियाणा के युवा प्रदेश अध्यक्ष सुशील कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी घरौंडा हल्का अध्यक्ष सत्यवान कश्यप व आशु कश्यप ने निभाई। मंच का संचालन कश्यप महापंचायत हरियाणा के कानूनी सलाहकार राजपाल कश्यप ने किया।
महाबैठक के दौरान समाज के उत्थान, युवाओं के भविष्य, राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक जागरूकता तथा संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। कार्यक्रम में युवा प्रदेश अध्यक्ष सुशील कश्यप ने संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों को समाज हित में कार्य करने की बधाई देते हुए कहा कि कश्यप समाज अब केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहेगा, बल्कि अपने अधिकारों और सम्मानजनक प्रतिनिधित्व के लिए संगठित होकर संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष रामजीलाल कश्यप ने कहा कि समाज के युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें सही दिशा देने के लिए प्रदेशभर में रोजगार मार्गदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर सरकारी एवं निजी क्षेत्र की नौकरियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज के व्यवसायियों, किसानों, कर्मचारियों और युवाओं को एक साझा मंच पर लाकर आर्थिक सहयोग की एक मजबूत व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे समाज आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सके।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष रामजीलाल कश्यप ने वर्तमान सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कश्यप समाज ने हमेशा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई है, लेकिन समाज को उसकी जनसंख्या और योगदान के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उन्होंने कहा कि समाज को उसके अधिकार और सम्मानजनक हिस्सेदारी दिलाने के लिए व्यापक स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।
महाबैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता मैनपाल कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज वर्षों से एकजुट होकर भाजपा को वोट देता आ रहा है, लेकिन भाजपा सरकार लगातार कश्यप समाज की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि बोर्ड, निगम, आयोग और मंत्रिमंडल में भी कश्यप समाज को वंचित रखा गया है। हाल ही में भाजपा सरकार द्वारा जारी की गई सूची में भी समाज को उचित तवज्जो नहीं दी गई, जिससे कश्यप समाज के लोगों में भाजपा के प्रति रोष बढ़ रहा है।
मैनपाल कश्यप ने संगठन को गांव, ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने, महिला एवं युवा विंग को अधिक सक्रिय बनाने तथा समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने समाज कल्याण कोष के गठन, सामूहिक विवाह समारोहों के आयोजन, स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा जरूरतमंद परिवारों की सहायता जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने की घोषणा भी की।
महाबैठक में उपस्थित समाज के वरिष्ठ नेताओं, युवाओं और महिलाओं ने एकजुट होकर समाज के हितों की रक्षा, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की ताकत उसकी एकजुटता में है और यदि समाज संगठित रहेगा तो भविष्य में उसे राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में उचित भागीदारी अवश्य मिलेगी।
इस अवसर पर संरक्षक रामकुमार कश्यप, प्रदेश अध्यक्ष रामजीलाल कश्यप, प्रदेश महासचिव बलवीर कश्यप, युवा प्रदेश अध्यक्ष सुशील कश्यप, प्रदेश प्रवक्ता मैनपाल कश्यप, हल्का अध्यक्ष शामलाल कश्यप, रामचंद्र कश्यप, अधिवक्ता नवीन कश्यप, अधिवक्ता कर्मबीर कश्यप, तरसेम सिंह, राजपाल नम्बरदार, परमजीत कौर, कृष्णा, सत्यवान कश्यप, आशु कश्यप, जिले सिंह, रामचंद्र, राजबीर पंजोखरा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


























