करनाल- पुलिस ने कुछ दिन पहले सेक्टर 7 के घर में ज्वेलरी चोरी करने वाली महिला आरोपी को उसके साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया है l शिकायतकर्ता रॉयल लथुरा वासी हाउस नंबर 5 सेक्टर 7 करनाल ने पुलिस को शिकायत में बताया कि घर पर नौकरानी की आवश्यकता पड़ने पर उसने madeinindiaservice.com वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवाया। फिर वेबसाइट के एजेंट संजीव उर्फ भरत पुत्र साहब रावत निवासी गांव कछुआ जिला मधुबनी बिहार हाल नजदीक श्रीराम चौक मोहन गार्डन उत्तम नगर पश्चिमी दिल्ली की कॉल आई और उसने बताया कि वह madeinindiaservice.com एजेंसी से बात कर रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोपी संजीव से बात करके डील फाइनल कर ली और अनीता पुत्री श्याम बिहारी निवासी गांव गढ़पुर थाना जवाहर नगर जिला बांदा यूपी हाल गली नंबर 9 रामा पार्क मोहन गार्डन उत्तम नगर पश्चिमी दिल्ली शिकायतकर्ता रॉयल लथुरा के घर पर नौकरानी पद के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी करके दिनांक 16 अक्टूबर को आ गई और नौकरानी अनीता ने काम करना शुरू कर दिया था। लेकिन दिनांक 20 अक्टूबर को सुबह के समय नौकरानी अनीता ने मौके का फायदा उठाकर कमरे में रखी अलमारी से डेढ़ लाख रुपये नगदी, चार डायमंड के कड़े, चार सोने के कड़े, दो सोने की चेन, एक मंगलसूत्र व अन्य कीमती सामान चोरी करके फरार हो गई। अन्य आरोपी विशाल ने अनीता की दिल्ली में उसके आवास तक पहुंचाने में सहायता की । घटना के बाद शिकायतकर्ता की शिकायत पर नौकरानी अनीता के खिलाफ थाना सेक्टर 32,33 में दिनांक 20 अक्टूबर को धारा 454, 381 भारतीय दंड संहिता के तहत मुकदमा नंबर 586 दर्ज किया गया था।
पुलिस ने आरोपी भरत उर्फ़ संजीव कुमार को सेक्टर 28 रोहिणी से गिरफ्तार किया गया था। जिसके कब्जे से एक गोल्ड चैन और एक डायमंड कड़ा बरामद किया गया था। आरोपी को 31 अक्टूबर को न्यायालय में पेश करके 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। जिसकी निशानदेही पर कल आरोपी अनीता को उत्तम नगर दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। आरोपी भरत और विशाल कोंडपान को न्यायालय में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है ,जबकि आरोपी अनीता को न्यायालय में पेश करके तीन दिन का रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी अनीता से गहनता से पूछताछ की जाएगी और चोरी की गई अन्य ज्वैलरी और नगदी की बरामदगी की जाएगी।

























