करनाल – करनाल की सूरज नगर कालोनी में आज अचानक ब्लास्ट हुआ और सनसनी फैल गई l बाद में पता चला कि एक बंद पड़े घर में यह ब्लास्ट हुआ है l तेज़ धमाके की आवाज़ सुनकर स्थानीय लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए l लेकिन गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस घर के अंदर या घर के साथ कोई मौजूद नहीं था l मौके पर आये लोगों ने ही फायर ब्रिगेड को हादसे की सूचना दी l जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला l
दमकल विभाग के अधिकारी रणदीप ने बताया कि, “इस खाली पड़े घर में काफी मात्रा में पटाखे रखे हुए थे, दिवाली के आसपास यहां पटाखे बनाने का काम होता था और बाद में इन्हें यहीं इकठ्ठा करके रख दिया गया था l पुलिस ने बताया कि पहले भी इस घर को सील किया गया था, लेकिन अंदर रखा विस्फोटक सामान आज बड़े हादसे का कारण बन गया l धमाका इतना तेज़ था कि घर की दीवारें ढह गईं और छत पूरी तरह गिर गई और साथ के मकानों में भी दरारें आ गई l
पुलिस अधिकारी सतीश ने इसे गंभीर लापरवाही का मामला बताते हुए कहा कि पुलिस मामले की सख्ती से जांच कर रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी l
























