रिपोर्ट -मैनपाल कश्यप /इंद्री – इंद्री में कोर्ट के सामने मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एक यात्री बस और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में कई यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बस करनाल से यमुनानगर की ओर जा रही थी, जबकि डंपर विपरीत दिशा से करनाल की तरफ आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर निजी वाहनों व एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सही कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।



























