करनाल – फोटोग्राफर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सहयोग से करनाल में 12-13 अगस्त को राज्य स्तरीय फोटो फेयर का आयोजन किया जाएगा। शहर के एक निजी बैंकट हॉल में 12 अगस्त को आयोजित होने वाले इस फोटो फेयर का उद्घाटन भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ संजय शर्मा करेंगे जबकि 13 अगस्त को करनाल के सांसद संजय भाटिया बतौर मुख्य अतिथि इसमें शामिल होंगे। दो दिवसीय इस फेस्टिवल में राज्य भर से करीब 4 हजार प्रतिभागी हिस्सा लेंगे और देश अनेक नामी कंपनियां अपने नवीनतम उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।
सोमवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान फोटोग्राफर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चीफ कोऑर्डिनेटर प्रवेश कंबोज ने बताया कि यह आयोजन 12 और 13 अगस्त को होगा जिसमे अन्य कार्यक्रमों के अलावा फैशन शो भी आयोजित किया जाएगा जिसमे फैशन जगत की अनेक हस्तियां अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि फोटो फेयर में फोटोग्राफी से संबंधित भविष्य की आधुनिक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस तकनीक का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतिदिन 3 सत्र आयोजित किए जाएंगे जिसमें एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह, फैशन शो और फोटोग्राफर्स की वर्कशॉप होगी। उन्होंने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य सभी फोटोग्राफर्स को बाजार में आ रही नई तकनीक से अपडेट करना और प्रिंटर , स्कैनर के आधुनिक उपकरणों से रूबरू कराना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय मे तेजी से बदल रही तकनीक के कारण यह आयोजन फोटोग्राफर के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि वे समय-समय पर इस तरह के आयोजन करते हैं ताकि इस फील्ड में कार्यरत लोग फोटोग्राफी में आ रहे बदलावों से अपडेट रहे।
प्रवेश कंबोज ने कहा कि आज जो कैमरे मार्केट में आ रहे हैं उसमें काफी नए फीचर जुड़े हैं, इनकी भी जानकारी इस फेस्टिवल में दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का कोई भी शुल्क नहीं है और यह सभी के लिए खुला है। फोटो फेयर में विभिन्न कंपनियों द्वारा करीब 40 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें विभिन्न तरह के फोटोग्राफी उत्पादों का प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में राज्य स्तर पर यह अपनी तरह का सबसे अलग कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक तेजी से अपने पांव पसार रही है और इसने सभी क्षेत्रों में अपना विस्तार किया है। फोटोग्राफी भी इससे अछूती नहीं है। ऐसे में फोटोग्राफर्स को इसकी जानकारी होना बहुत आवश्यक है कि वह इसके साथ चलकर बाजार में किस तरह से अपने आप को स्थापित रख सकें। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बदल रही नवीनतम तकनीकी के कारण फोटोग्राफी से संबंधित सामान महंगा होता जा रहा है इस पर भी हम फोटो फेयर में कंपनियों के साथ विचार करेंगे कि इसमें कैसे संतुलन लाया जा सके। इस अवसर पर पवन ढींगड़ा , विनोद पुजारा, राजकुमार राणा व कमल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।























