Karnal ,करनाल – नवनिर्वाचित मेयर और निगम पार्षदो ने विकास सदन के सभागार में ली शपथ

0
509

करनाल – नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर रेणू बाला गुप्ता और सभी 20 वार्डों के पार्षदो ने शुक्रवार को विकास सदन के सभागार में, भारत के संविधान के प्रति सच्चा विश्वास एवं निष्ठïा रखने तथा अपने कर्तव्य का पूर्ण वफादारी से निर्वहन करने की शपथ ली। मण्डल आयुक्त विनीत गर्ग ने शपथ दिलाई। प्रदेश सरकार के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव काम्बोज, हैफेड के चेयरमैन एवं घरौण्ड़ा के विधायक हरविन्द्र कल्याण, असंध के विधायक बख्शीश सिंह, नीलोखेड़ी के विधायक भगवान दास कबीरपंथी, मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. अमरेन्द्र सिंह, भाजपा जिला प्रधान जगमोहन आनन्द, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया, निगम आयुक्त राजीव मेहता, डी.एम.सी. धीरज कुमार के अतिरिक्त पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता शशिपाल मेहता, के.डी.बी. के पूर्व मानद सदस्य अशोक सुखीजा तथा राज्य बाल कल्याण परिषद की पूर्व सदस्य संतोष अत्रेजा भी इस अवसर पर उपस्थित थी।
शपथ ग्रहण समारोह में सबसे पहले मेयर रेणू बाला गुप्ता ने हिन्दी में शपथ ली, इसके पश्चात 20 पार्षदो ने भी बारी-बारी शपथ ली। इनमें वार्ड 1 से निर्वाचित पार्षद नवीन कुमार, वार्ड 2 से बलविन्द्र सिंह, वार्ड 3 से मंजीत कौर, वार्ड 4 से नीलम, वार्ड 5 से जयभगवान, वार्ड 6 से नीलम देवी, वार्ड 7 से सुदर्शन कुमार, वार्ड 8 से मेघा भण्डारी, वार्ड 9 से मुकेश कुमार, वार्ड 10 से वीर विक्रम कुमार, वार्ड 11 से रमनजीत कौर, वार्ड 12 से मोनिका गर्ग, वार्ड 13 से ईश कुमार गुलाटी, वार्ड 14 से रामचन्द्र, वार्ड 15 से युद्घवीर सिंह, वार्ड 16 से रजनी, वार्ड 17 से जोगिन्द्र शर्मा, वार्ड 18 से हरीश कुमार, वार्ड 19 से राजेश कुमार तथा वार्ड 20 से निर्वाचित पार्षद मोनू ने शपथ ली। मण्डल आयुक्त तथा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ने शपथ ग्रहण करने वाली मेयर व सभी पार्षदो को बधाई दी। मंत्री कर्णदेव काम्बोज तथा सभी विधायको ने भी मेयर व नवनिर्वाचित पार्षदो को बधाई दी।
गौर हो कि प्रदेश सरकार द्वारा बीती 16 दिसम्बर को करनाल सहित 5 नगर निगमो के चुनाव करवाए थे, जिनमें पहली बार मेयर का चुनाव, सीधे तौर पर करवाया गया। इसके पश्चात 19 दिसम्बर को मतो की गिनती और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए गए थे। आज हरियाणा म्युनिसीपल एक्ट-1994 के तहत सभी निर्वाचित पार्षदो ने शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर ठीक 12 बजे प्रारम्भ हुआ और करीब सवा 12 बजे सम्पन्न हो गया। नवनिर्वाचित मेयर रेणू बाला गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि शहर के विकास के लिए जनता ने अपना कीमती मत देकर चुनाव में मेयर सहित अन्य भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जो विश्वास जताया है, उस पर वे खरा उतरेंगे। उन्होने अपनी जीत को भारतीय जनता पार्टी और जनता की जीत बताते हुए, शहर की सभी सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत शहर का विकास और इससे जुड़ी दूसरी अन्य परियोजनाओं को पूरा करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी, जिसमें सभी शहर वासियों का सहयोग लिया जाएगा।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मेयर ने शहर के नगर निगम कार्यालय में जाकर अपना पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर निगम आयुक्त राजीव मेहता और उप निगमायुक्त धीरज कुमार ने मेयर रेनू बाला गुप्ता व उनके साथ गए पार्षदो का स्वागत किया। दोनो अधिकारियों ने मंत्री कर्णदेव काम्बोज तथा उनके साथ मौजूद विधायको का भी निगम में पधारने पर स्वागत किया।