करनाल -समरसता एक ऐसी माला है, जो सभी को एक सूत्र में पिरोकर रखती है : प्रदेश अध्यक्ष ओ.पी. धनखड़

0
149

करनाल – स्वच्छता एक ऐसा मिशन है जो सभी को प्रिय है, जहां स्वच्छता है वहां पर भगवान वास करते हैं। भाजपा में सभी परिवार एक समान हैं, पार्टी की पहचान समरसता, सदभावना और समानता है। समरसता एक ऐसी माला है, जो सभी को एक सूत्र में पिरोकर रखती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ रविवार को एसबीएस स्कूल में स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सभी के लिए प्रिय हो, जहां पर राष्ट्रहित है वहां पर समरसता है। करनाल शहर ऐसा स्वच्छ शहर है जिसे कईं बार स्वच्छता पर पुरस्कृत किया गया है। स्वच्छ भारत की टीम का इसमें अहम योगदान है, आज जो कार्यक्रम समरसता को बढ़ाने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र द्वारा किया गया वह सराहनीय है। इस कार्यक्रम में सभी समुदाय के लोगों को जोड़ा है, यह अपने आप में अहम पहल है। उन्होंने कहा कि भाजपा का भी यही उद्देश्य है कि वह समाज के हर व्यक्ति को जोड़े। इस पार्टी में समरसता को अहम स्थान दिया जाता है। यह ऐसी पार्टी है जहां पर आम कार्यकर्ता को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब झज्जर के ढाकला गांव के रहने वाले साधारण किसान के बेटे को बिना मांगे प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया हो यह एक समरसता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को आगे बढऩे के लिए लगातार चलते रहना चाहिए और धैर्य भी रखना चाहिए।
विधायक महीपाल ढांडा ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए टीम द्वारा गांव-गांव, शहर-शहर कार्य किया जा रहा है। संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष रात दिन एक किए हुए हैं, जब धनखड़ साहब कृषि मंत्री थे, उन्होंने किसानों की आय को दोगुना करने के लिए कईं फैसले लिए, परिणाम स्वरूप देश में हरियाणा को कृषि के क्षेत्र में कईं बार पुरस्कृत किया गया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र और उनकी टीम का आभार प्रकट किया जिन्होंने समरसता के इस कार्यक्रम को सही तरीके से आयोजित किया।
पूर्व मंत्री एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना किसी एक जाति वर्ग व समुदाय के लिए नहीं की बल्कि मानवता के कल्याण के लिए की। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जयंती समरसता को बढ़ाने के लिए मनाई जाती है, इसको किसी एक जाति व वर्ग तक सीमित नहीं रखना चाहिए। उन्होंने समरसता के इस कार्यक्रम में स्वच्छ भारत की टीम का आभार प्रकट किया और आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के आयोजक स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समरसता सद्भावना और समानता को बढ़ाना है। इस कार्यक्रम में सभी वर्गों के लोगों को शामिल किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम बार करनाल में पहुंचने पर सभी वर्गों के लोग उनको सम्मानित करना चाहते हैं। इससे न केवल राजनीतिक बल्कि समरसता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए स्वच्छता की टीम का आभार प्रकट किया, वहीं मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का भी धन्यवाद किया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद ने प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के प्रथम करनाल आगमन पर उनका स्वागत किया और कहा कि भाजपा ने हरियाणा को ऐसे अनुभवी व्यक्ति को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है जो पार्टी व समाज की हर गतिविधियों को बखूबी जानते हैं।