रिपोर्ट-निखिल/कुल्लू- जिले में लोकसभा के लिए इस बार रिकार्ड मतदान दर्ज किया गया है। पिछले लोक सभा चुनाव से इस बार लगभग 13.40 फ ीसदी अधिक वोट पड़े हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी यूनुस ने इसके लिए जिले के लोगों का
आभार जताया है। उन्होंने कहा कि 63 मतदान केन्द्रों पर महिलाओं की मतदान प्रतिशतता पुरूषों से कहीं अधिक रही है, इसके लिए उन्होंने नारी शक्ति के उत्साह की सराहना की है। उन्होंने कहा कि महिलाएं लोकतंत्र के प्रति कितनी सजग है, उन्होंने बूथों पर पहुंच कर इसे प्रमाणित कर दिया है। यूनुस ने जिले में 10000 से अधिक नए मतदाताओं का विशेष तौर पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं का जोश सशक्त लोकतंत्र को परिभाषित करता है। युवा मतदाता न केवल अपना वोट डालने के लिए मतदान केन्द्र पर पहुंचे, बल्कि उन्होंने अपने परिजनों को भी प्रेरित किया और बूथों तक पहुंचाने
में मदद की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी 13 शतक वीरों का दिल से आभारजताया है जिन्होंने स्वास्थ्य स्थिति के अनुकूल न होने के बावजूद लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपना योगदान किया। उन्होंने इन शतकवीरों के परिजनों का भी धन्यवाद किया है जिन्होंने अपने बुजुर्गों को मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने का महान कार्य किया है। यूनुस ने बताया कि इस बार आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद जिले के लोगों को मतदान का महत्व बताने तथा मतदान करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से स्वीप समितियों का जिला व उपमंडल स्तरों पर गठन किया गया। लक्ष्य था जिले के प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने का और इसे पूरा भी किया गया। परिवार के मुखिया के नाम जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोस्टकार्ड के माध्यम से परिवार सहित मतदान करने का संदेश भी भेजा और यह प्रयास काफी हद तक सार्थक हुआ। यूनुस ने स्वीप समितियों के साथ मीडिया का भी धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की भूमिका लोगों को जागरूक करने में सबसे अधिक प्रभावी रही है।


























