सोनीपत -भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी कार्यालय ही उनका मंदिर: केंद्रीय राज्य मंत्री कटारिया

0
79

रिपोर्ट -सुरेंद्र /सोनीपत -भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने दिल्ली से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सोनीपत में स्थापित पार्टी के जिला कार्यालय को लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने हरियाणा के छह जिलों में नव निर्मित भाजपा के जिला कार्यालयों को लोकार्पित किया। पार्टी कार्यालयों के लोकार्पण समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंस के जरिये शिरकत करते हुए कार्यकर्ताओं को कार्यालय स्थापना की बधाई दी।
सोनीपत में सेक्टर-7 में भाजपा का जिला कार्यालय स्थापित किया गया है, जिसके लोकार्पण से पूर्व विधिवित् रूप से हवन-यज्ञ किया गया। यहां विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा जल शक्ति राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया ने हवन में यज्ञमान के रूप में आहुति डाली। साथ ही केंद्रीय राज्य मंत्री ने सांसद रमेश कौशिक व सांसद संजय भाटिया के साथ कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को जिला कार्यालय की बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन भाजपा के लिए ऐतिहासिक दिवस है। सोनीपत सहित प्रदेश के छह जिलों में पार्टी कार्यालयों का लोकार्पण किया गया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री कटारिया ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी कार्यालय मंदिर समान होता है। जहां से पार्टी की गतिविधियाँ संचालित होंगी। उन्होंने अतीत का स्मरण करते हुए कहा कि जनसंघ के समय में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी दिल्ली के रामलीला मैदान में छतरी के नीचे ही बैठक लेते थे। कार्यकर्ताओं के समर्पण व मेहनत के परिणामस्वरूप ही आज भाजपा के अत्याधुनिक कार्यालयों की स्थापना हुई है। इसमें पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का विशेष योगदान है। पार्टी को मजबूती देने में यह कार्यालय मील का पत्थर साबित होंगे। साथ ही उन्होंने सोनीपत के संगठन की भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की चर्चा करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या जाएंगे, जिन्होंने कार्यकर्ताओं का सैंकड़ों वर्ष पुराना स्वप्न साकार किया है। राम मंदिर देश के सांस्कृतिक एवं धार्मिक इतिहास में एक बड़ा कदम सिद्ध होगा। उन्होंने कोविड-19 कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए किए गए केंद्र व राज्य सरकारों के प्रयासों की भी सराहना की। इस अवसर पर सांसद रमेशचंद्र कौशिक,सांसद संजय भाटिया,सांसद रामचन्द्र जांगड़ा,राई विधायक मोहनलाल,गन्नौर से विधायक निर्मल चौधरी भी मौजूद रही।