आगरा – आगरा के फतेहपुर सीकरी में दो मासूमो की मौत से परिवार में कोहराम

0
199
रिपोर्ट – नसीम अहमद/ फतेहपुर सीकरी – आगरा के फतेहपुर सीकरी के जाजोली गांव का जवाहर सिंह अपने परिवार को दो वक़्त की रोटी के लिए अपना घर जिला छोड़कर निकला था कि शायद उसकी गरीबी यहां से जाने के बाद पीछा छोड़ देगी, लेकिन उसको क्या पता था कि जिस खाने के लिए वो दूसरे शहर में जा बसा है वो ही खाना उसके दो मासूम बच्चों  की जान ले लेगा l जवाहर सिंह के खाना खाकर सोए दो मासूम बच्चों की मौत हो गई और पुलिस केअनुसार मौत का कारण अभी पता नहीं चल पाया है l  राजस्थान पुलिस ने दोनों बच्चो का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है l
बता दें  कि जवाहर सिंह उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के फ़तेहपुर सीकरी का रहने वाला है जो बहुत ही तंगहाली बेरोजगारी की वजह से यहां से पलायन करके राजस्थान के जयपुर मे मजदूरी करने गया  था l   उसके दो पुत्रों की खाना खाने के बाद अचानक मौत हो जाने से परिवार में कोहराम  मचा हुआ है। रविवार सांय गांव में मृतक दोनों भाइयों का शव पहुंचने से परिवार में हाहाकार मच गया। दोनों भाइयों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया तो गांव में हर किसी की आंखें नम हो गई।
ग्राम प्रधान जाजौली दरब सिंह व समाज सेवी हरी सिंह कुशवाहा ने बताया कि गांव का जवाहर सिंह जो अत्यंत गरीब है, जयपुर मजदूरी करने गया था। वह कई वर्षों से वहीं पर अपने पत्नी और बच्चों के साथ किराए का एक मकान लेकर रहता था और अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। शनिवार की रात्रि में उसके पुत्र लवकुश कुशवाहा उम्र 14 वर्ष व प्रवीण कुशवाहा उम्र 12 वर्ष ने नित्य की भांति खाना खाया। दोनों भाई खाना खाने के बाद सो गए। रात 11 बजे करीब लव कुश की तबीयत अचानक खराब हुई। उसने उल्टी की तो पिता उसे नजदीकी अस्पताल में ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुत्र का शव लेकर घर पहुंचे तो दो घंटे पश्चात ही प्रवीण की तबीयत खराब हुई। पुत्र की शव को रखा छोड़ पिता उसे भी  अस्पताल ले गए, इलाज शुरू होते ही उसने भी दम तोड़ दिया।
रविवार शाम 8 बजे करीब पोस्टमार्टम के बाद दोनों सगे भाइयों का शव गांव में पहुंचने से कोहराम मच गया। अंतिम संस्कार के समय दोनों भाइयों की एक साथ चिता जलते हुए देखकर महिला पुरुष दहाड़ मार कर रोने लगे। किन कारणों से किशोरों की मौत हुई है यह स्पष्ट नहीं हो सका है। राजस्थान पुलिस किशोरों की मौत मामले की जांच में जुटी है।