करनाल – एक और सुधार कार्यक्रम में दर्जनों महिलाओं ने बेबाकी से रखे सुझाव

0
197
करनाल – एक और सुधार कार्यक्रम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर रॉकी मित्तल ने कहा कि महिलाओं को अपनी रक्षा और सुरक्षा के लिए घूंघट से बाहर आकर के रानी लक्ष्मीबाई जैसा जज्बा पैदा करना होगा। यदि महिलाएं अपने अधिकारो के प्रति जागरूक नहीं होगी तो समाज में असमानता का माहौल कायम होगा। महिलाओं को सम्मान मिलें,इसके लिए देश में हरियाणा सरकार ऐसी पहली सरकार है जो महिलाओं के बीच में उनसे संवाद करके उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी ले रही है।
रॉकी मित्तल बुधवार को स्थानीय पंचायत भवन के सभागार में मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा प्रदेश में चलाए गए महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में जिले की करीब 500 महिलाओं ने भाग लिया और दर्जनों महिलाओं ने बेबाकी से महिलाओं के साथ समाज में हो रही यातनाओं के बारे में विस्तार से बताया और अपने-अपने सुझाव भी दिये। प्रोजेक्ट डायरेक्टर रॉकी मित्तल ने सभी महिलाओं को आश्वासन दिलाया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री एक ओर सुधार कार्यक्रम के माध्यम से सभी वर्गो के उत्थान के लिए कार्य कर रहे है। समाज में महिलाओं के उत्पीडऩ पर अंकुश लगाने के लिए एक ओर सुधार कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज की सभी वर्गो की महिलाएं व पुलिस के बीच सीधा संवाद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संवाद के लिए वह 6 जिलों में भ्रमण कर चुके है। महिलाओं में इसके लिए भारी जोश है और महिलाएं बेबाकी से अपनी बात कह रही है और उनकी सभी बातों को वीडियों के माध्यम से रिकार्ड किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं से सुझाव लेकर प्रदेश सरकार द्वारा लागू करना है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को मजबूत व सुरक्षित वातावरण देने के लिए हर क्षेत्र में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे आपस में एकजुट हो,जहां भी महिलाओं के साथ उत्पीडऩ की शिकायत मिले,वहां पर एकजुटता दिखाकर उसका विरोध करें,जिससे समाज में काफी बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि जो भी आज महिलाओं व पुरूषों के बीच असमानता है,उसका सबसे बड़ा कारण समाज में संस्कारों की कमी है। आज परिवार के लोगों को भी आपस में बैठने तक का मौका नहीं मिलता और ना ही अपने विचार सांझा करने का, यही कारण है कि आज समाज में हर परिवार के विचार में भिन्नता हो गई है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से कहा कि वो अपने अधिकारों के लिए आगे आए। हरियाणा सरकार महिलाओं के सहयोग के लिए हर समय तैयार है।
इस मौके पर बाल कल्याण परिषद की मानद सचिव संतोष अत्रेजा ने कहा कि महिलाएं हीन भावना से ऊपर उठकर आत्म विश्वास के साथ आगे बढ़ें। महिलाओं का आत्मविश्वास बढऩे से वे समाज में मजबूत होकर उभरेगी तथा उनकी भावनाओं की कदर होगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने अंदर विश्वास का जज्बा पैदा करें तथा शादी के बाद सास बहु को अपनी बेटी की तरह मानकर उनकी भावनाओं की कदर करें।
महिला थाने की इंचार्ज इंस्पेक्टर कुलबीर कौर ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए हरियाणा पुलिस काफी सजग है। शिक्षण संस्थानों के आस-पास पीसीआर की व्यवस्था की गई है। कोई भी महिला यदि 100 नम्बर पर फोन करे तो कुछ ही समय में सहयोग के लिए पुलिस सहायता के लिए उनके पास पहुंचती है। जिले में महिला थाना बनाए गए है ताकि महिलाएं अपनी बात इन थानों में जाकर निसंकोच रख सके।
इस मौके पर डीएसपी रमेश कुमार, भाजपा नेत्री निरूपमा सदर, साक्षर भारत के मिशन कोर्डिनेटर प्रवीन मोर,उवर्शी विज,जसवंत कौर,अनिल शर्मा,एडवोकेट हरविन्द्र कौर,राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यक्रम प्रबंधक जोबिन सहित अन्य समाज सेवी संस्थाओं की प्रतिनिधि उपस्थित थी।