करनाल – चुनाव की आहट शुरू, प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

0
193
करनाल – भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि देश में चुनाव की आहट शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी देश व प्रदेश में सभी चुनाव विकास के नाम पर लड़ेगी। प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए पिछले 4 सालों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में भय, भूख और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष काम किये गये हैं जिससे प्रदेश की जनता को सीधा लाभ पहुंच रहा है जिससे भाजपा के कार्यकर्ताओं का भी मनोबल बढ़ा है।
प्रदेश अध्यक्ष बुधवार को सैक्टर 14 स्थित श्री कृष्णा मंदिर में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। इससे पहले उन्होंने जिला कोर कमेटी की बैठक ली तथा पत्रकारों को विशेष जानकारी दी। पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा की सरकार ने प्रदेश में राज के मायने बदले हैं जिसका दुख आज विपक्ष के लोगों को हो रहा है परंतु प्रदेश के 2 करोड़ 60 लाख लोगों को इससे खुशहाली मिल रही है। आज प्रदेश सरकार की पारदर्शी नीति से गरीब का बच्चा भी प्रथम श्रेणी का अफसर बन रहा है। प्रदेश में मंत्रियों की लिस्ट व पर्ची अब ढूंढे से नहीं मिलती, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ऐसा कर दिया कि अब पढ़ा-लिखा हर युवा अपनी योग्यता पर गर्व करके उच्च पद हासिल कर रहा है। प्रदेश में सभी जरूरी सुविधाएं ऑनलाईन हैं, बिचौलिए आज सब्जी की रेहड़ी लगाने पर मजबूर हैं परंतु मेहनतकश, ईमानदार लोग आज आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपने अंत्योदय के मंत्र की सफलता के लिए काम किया जा रहा है। प्रदेश में बिना किसी भेदभाव, ऊंच-नीच से ऊपर उठकर विकास कार्य किए जा रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों को बताया कि किसानों की खराबा फसल का मुआवजा हमारी सरकार ने विशेष गिरदावरी करवाकर दिया है। पिछली सरकारें मुआवजे के नाम पर 5 व 10 रुपये के चैक देती थी हमने एक एकड़ पर मुआवजे के रूप में 12 हजार रुपये भी दिए हैं। अब प्रदेश में बारिश से फसल खराब हुई हैं मुख्यमंत्री ने तुरंत विशेष गिरदावरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में मुख्यमंत्री ने विकास के लिए जो घोषणाएं की हैं वह समय रहते सभी पूरी होंगी ऐसा विश्वास है, मुख्यमंत्री द्वारा समय-समय पर सभी घोषणाओं की समीक्षा की जाती है। बरसाती समय के बाद टूटी हुई सभी सडक़ों को ठीक किया जाएगा।
जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि बिना संगठन के कोई भी कार्य सफल नहीं होता। सभी को एकजुट होकर आने वाले चुनाव की तैयारी करनी है, चुनाव कोई भी हो उसे कभी छोटा नहीं समझना चाहिए, जीत के लिए चुनाव लडऩा है। प्रदेश की जनता में कार्यकर्ताओं को विकास की जानकारी देनी है ताकि लोगों को पता लगे कि 4 साल पहले के लोग विकास के नाम पर झूठ बोलकर वोट लेते थे और हम विकास के नाम पर लोगों के बीच में आए हैं।
जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल ने कार्यकर्ताओं में विशेष अंदाज से जोश भरा और कहा कि नगरनिगम के चुनाव तक जोश कम नहीं होना चाहिए। प्रजातंत्र में संगठन का विशेष महत्व है, भाजपा का संगठन पूरे देश में सबसे मजबूत है, इस मजबूती को सदा कायम रखना है। हर कार्यकर्ता को अपने दायित्व का निर्वाह करते हुए आगे बढऩे की जरूरत है ताकि लक्ष्य हासिल हो सके। प्रदेश में नगरनिगम के चुनाव कुछ ही समय के बाद होंगे इसके लिए मजबूती से सभी को पार्टी के साथ जुडक़र काम करना होगा।