करनाल – सी.एम सिटी करनाल हुई गड्डा सिटी में तबदील : तंवर

0
306
करनाल – हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा है कि भाजपा द्वारा राफेल डील में किया गया हजारों करोड़ रुपए का घोटाला, पेट्रोल-डीजल की महंगाई और प्रदेश की खट्टर सरकार द्वारा किए गए घोटालों के खिलाफ प्रदेशभर में जिला स्तर पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। गांव-गांव में इसकी गूंज सुनाई देगी। 7 सितम्बर से लेकर 15 सितम्बर तक प्रदेश भर में कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता जिला स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। इसी बीच कांग्रेस द्वारा चंडीगढ़ में रोष मार्च निकाला जाएगा और राज्यपाल को ज्ञापन दिया जाएगा। कांग्रेस द्वारा पानीपत में पोल खोल रैली का आयोजन 30 सितम्बर को किया जाएगा। जिसमें भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार के मामलो को उजागर करने वाली चार्जशीट पेश की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि सभी तरह के मतभेद भूलकर, आराम को छोडक़र कांग्रेस को मजबूत करने तथा देश में राहुल राज को लाने के लिए जूट जाएं।
जब तक देश में राहुल राज स्थापित नहीं होता तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता आराम करना छोड़ दें। उन्होंने हॉल में बैठे सैंकड़ो कार्यकर्ताओं से हाथ उठाकर संकल्प दिलवाया। वह करनाल के सैक्टर-12 स्थित जाट भवन में प्रदेश भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।  अशोक तंवर ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि राफेल महा घोटाला 1 लाख 30 हजार करोड़ का है। इसकी जांच देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी शुरू हो चुकी है। देश को लूटने वाले बचेंगे नहीं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मोदी और अम्बानी ने मिलकर देश को लूटने का काम किया है। आने वाले समय में कांग्रेस इनकी पोल खोलेगी। उन्होंने कहा कि 18 अगस्त को राहुल गांधी ने देश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आह्वान किया था कि देश भर में राफेल खरीद घोटाले में शामिल मोदी और अम्बानी को बेनकाब करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता हर स्तर पर प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम सबसे ज्यादा हो चुके है। आम आदमी त्राहि-त्राहि कर रहा है। कांग्रेस राज में जब कच्चा तेल 105 डॉलर प्रति बैरल तेल था, उस समय भी इतना महंगा पेट्रोल और डीजल नहीं था। अब जबकि कच्चा तेल इससे काफी सस्ता है। उसके बाद भी पेट्रोल और डीजल 80 और 70 रुपए को पार कर गया। वहीं डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार नीचे गिर रहा है। प्रधानमंत्री ने अभी तक इसको रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। वह अभी तक चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि देश में नोटबंदी पूरी तरह से फेल रही। 99 प्रतिशत से अधिक रुपया वापिस आ गया। इससे किसी को फायदा हुआ या नहीं हुआ हो, लेकिन भाजपा को जरूर फायदा हुआ। नोटबंदी से भाजपा ने काले धन को सफेद करने का काम किया।
कांग्रेस का राज आने पर नोटबंदी के दौरान काले धन को सफेद करने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर 7 सितम्बर से 15 सितम्बर तक जिला मुख्यालयों पर राफेल घोटाले के खिलाफ प्रदर्शन किए जाऐंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर तंज कसते हुए कहा कि वह उनके पैतृक गांव बनियानी गए थे। जहां पर गंदे पानी की निकासी न होने के कारण तीन-तीन फुट गंदा पानी खड़ा हुआ था। जिसके कारण गांव के लोगों को जीना दुभर हो रहा था। वहां पर भी विकास नहीं हुआ। यदि देखा जाएं तो उनके निर्वाचन क्षेत्र सी.एम सिटी करनाल भी गड्डा सिटी के रूप में तबदील हो गई है। कोई भी सडक़ ऐसी नहीं है जिसमें एक भी  गड्डा न हो। इनको भरने के लिए पैच तक नहीं लग रहे तो भला विकास कहां से होगा। यह बात भी चिंता का विषय है। जिस गांव में मुख्यमंत्री का पालन पोषण हुआ, जिस शहर ने मनोहर लाल को भारी मतों से जिताकर मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचाया। वह उस शहर और गांव का ही नहीं हुआ तो पूरे प्रदेश का क्या होगा। उन्होंने आगे कहा कि 12 से 16 सितम्बर तक फरीदाबाद से हाथिन तक साईकिल यात्रा का पांचवा चरण चलेगा। उन्होंने कहा कि साईकिल यात्रा के दौरान भारी जनसमर्थन मिल रहा है। वह भी उस साईकिल से चलते है जो किसान और मजदूर उपयोग में लेता है। उनके साथी जिनमें 20-20 किलोमीटर तक साईकिल चलाकर लोगों के बीच पहुंच रहे है। उन्होंने इसके लिए कार्यकर्ताओ की सराहना की। उन्होंने कहा कि चार साल तक जिन कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का साथ दिया। उन कार्यकर्ताओ का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने मौजूद प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए और उनको सुना। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष तरूण भंडारी, कुलदीप सोनी, पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा, पूर्व मंत्री विजेन्द्र कादियान, एस.सी विभाग के चेयरमेन ज्ञान सहोता, कृष्ण शर्मा बसताड़ा, जयपाल लाली, डा. सुनील पंवार, शेरप्रताप शेरी, देवेन्द्र बबली, डा. खजान सिंह, मोहम्मदी मेवात, भोपाल बाठी, सुरेश ढांडा, प्रदीप शर्मा, अनिल चौहान, चांद राम चौहान, चौधरी जंगला राम, मेहर सिंह राणा, मुनीश कामरा, राजेन्द्र कल्याण, मुनीश परवेज राणा, बिन्दर मान, डा. गीता, जितेन्द्र संधु, डा. कुलताज, वंदना पोपली, कंवर मेहर सिंह राणा, सतपाल कौशिक, एस.एल शर्मा, राजिन्द्र शर्मा, नरेश संधु, कांगे्रस सेवादल के जिला प्रधान मनोज मलिक, बिल्लु शर्मा, मुनीश भार्गव, जगबीर जोगनाखेडी, जोगिन्द्र नली, प्रशांत अरोड़ा समेत तमाम लोग मौजूद थे।