कुशीनगर (उ० प्र०)– कुशीनगर के बिशनपुरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भयानक हादसा हो गया। जहां एक स्कूल बस को मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर ट्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 13 बच्चों की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए। स्कूली वैन चालक की लापरवाही के कारण आज सुबह कुशीनगर में 13 स्कूली बच्चों की मौत हो गई। वैन चलाते समय चालक ने ईयरफोन लगा रखा था। बताया जा रहा है कि उसे ट्रेन का हार्न नहीं सुना और मानव रहित रेलवे क्रासिंंग पर स्कूल बस को निकालने लगा। उसी समय सिवान से गोरखपुर जा रही 55075 अप पैसेंजर ट्रेन आ गई और ट्रेन की टक्कर से बस के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में छह बच्चे घायल हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बनी है। इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद दुख जताया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे की जांच का आदेश दिया है।
पुलिस महानिदेशक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बिशनपुरा क्षेत्र में सुबह करीब पौने 7 बजे सीवान-गोरखपुर रेल खंड पर पूर्वी झाला मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर डिवान पब्लिक स्कूल का टाटा मैजिक वाहन ट्रेन से टकरा गया। हादसे में मौके पर ही 10 बच्चों एवं चालक की मौत हो गई जबकि 2 बच्चों ने बाद में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल 6 बच्चों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जिसमें 3 की हालत गंभीर है।
बताया जा रहा है कि चालक ने कान में ईयर फोन लगाने के कारण ट्रेन की आवाज नहीं सुनी और बस में बच्चे भी रुकने के लिए चिल्लाते रहे लेकिन चालक ने उनकी भी आवाज नहीं सुनी। इस घटना के बाद वहां पर कोहराम मच गया। घटना तब हुई जब स्कूली बच्चों से भरी वैन फाटकविहीन रेलवे क्रासिंग पार कर रही थी और तभी ट्रेन आ गई।
घटना की जांच मंडल आयुक्त को सौंपी गई है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी जिला अस्पताल में घायल बच्चो की कुशलक्षेम जानकारी लेगें एवं मृतक के परिजनों से मिलकर सांत्वना देगें। योगी ने मृतक बच्चों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री कुछ देर बाद कुशाीनगर के लिए रवाना हो रहे है ।


























