महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही है कल्याणकारी योजनाएं

0
229

करनाल – यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता: के वाक्य को चरित्रार्थ करने तथा भारतीय संस्कृति का निर्वाह करते हुए वर्तमान सरकार ने महिला सशक्तिकरण व महिला उत्थान के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किया है। प्रदेश में महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार द्वारा बहुत सी कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई है तथा उनके लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए है,  जिनके सकारात्मक परिणाम आ रहे है। प्रदेश सरकार द्वारा महिला हित में उठाए गए कदमों के फलस्वरूप आज महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिल रहा है और वे खेल, राजनीति, शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसे सभी क्षेत्रों में आगे बढक़र अपनी अलग पहचान बना रही है।

हरियाणा सरकार द्वारा लिंगानुपात में सुधार के दृष्टिगत आपकी बेटी-हमारी बेटी, हरियाणा कन्या कोष व मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढग़ से लागू किया गया है तथा केंद्र सरकार द्वारा संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सुकन्या समृद्धि  खाता योजना का भी प्रदेश की जनता लाभ ले रही है। महिलाओं से सम्बन्धित योजनाओं के संदर्भ में जब मुख्यमंत्री के ओएसडी अमरेन्द्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जिस प्रकार पक्षी एक पंख के साथ नही उड़ सकता, उसी प्रकार  महिलाओं को आगे बढ़ाए बिना समाज भी आगे नही बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द के अनुसार महिला सशक्तिकरण व महिला उत्थान के बिना विश्व कल्याण की कल्पना करना असंभव है। महिलाओं की उन्नति व उत्थान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यांे की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने महिलाओं के प्रति अपराधों पर गंभीरता दिखाते हुए 12 साल से कम उम्र की बच्ची के साथ बलात्कार जैसी घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को फांसी की सजा हो, इसका प्रावधान करने का निर्णय लिया है तथा छेडखानी व पीछा करने पर भी कडे कानूनी लाने की पहल की है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने कार्यकाल के प्रथम वर्ष में ही प्रत्येक जिला मुख्यालय पर महिला थानों की स्थापना करने का निर्णय लिया और अब इस कार्यक्रम का विस्तार करते हुए प्रत्येक उपमंडल पर महिला हैल्प डैस्क स्थापित करके महिलाओं को सुरक्षित व भय मुक्त वातावरण देने का कार्य किया है। यहीं नही प्रदेश में महिला पुलिस वालिंटयर की नियुक्ति की गई है। राज्य की बसों में छात्राओं के लिए निशुल्क यात्रा सुविधा शुरू की गई है तथा लड़कियों को शिक्षा के लिए अपने घर से अधिक दूर ना जाना पडे इसके लिए भी हरियाणा सरकार द्वारा प्रत्येक 20 किलोमीटर की दूरी के अंतराल पर राजकीय महाविद्यालय खोलने का निर्णय लिया गया है।

प्रदेश सरकार की महिला हित की बडी योजनाओं में से एक योजना कैरोसीन फ्री हरियाणा तथा केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की सफलता के सम्बंध में जब उपायुक्त डा. आदित्य दहिया से बात की गई तो उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत जिला में अब तक 31 हजार 262 महिलाओं को मुफ्त गैस कनैक्शन तथा कैरोसीन फ्री हरियाणा के तहत 7801 महिलाओं को मुफ्त गैस कनैक्शन उपलब्ध करवाए गए है।  प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस कनैक्शन लेने वाली डबरकी खुर्द की रेशमा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सरकार की इस योजना से मेरे परिवार के जीवन में बडा बदलाव आया है। अब चूल्हा जलाने में किसी प्रकार की परेशानी नही है, मैं भी एक शहरी महिला की तरह जीवन व्यतीत कर सकती हूं। इसी योजना का लाभ लेने वाली गांव की ही एक अन्य महिला निर्मला ने बताया कि हम तो गरीब लोग है अपने स्वास्थ्य की चिंता तो कभी नही करते, परन्तु जब लकडी व उपले जलाते समय बच्चे पास आकर बैठते थे तो उनके स्वास्थ्य की चिंता जरूर सताती थी, सरकार ने मुफ्त गैस कनैक्शन देकर हमें एक नया जीवन दिया है। डबरकी कला की कृष्णा ने बताया कि सरकार ने मुफ्त गैस कनैक्शन और शौचालय बनवाकर सही मायने में महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है।