मुख्यमंत्री मनोहर लाल को संगठन का साथ मिला

0
253

चंडीगढ़-  हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ने की तैयारी कर रही भाजपा अपनी सरकार के मुखिया मनोहर लाल के साथ पूरी मुस्तैदी के साथ खड़ी है। ऐसा मन जा रहा है कि मनोहर सरकार के शेष कार्यकाल में जहां कामकाज का तरीका बदला नजर आएगा, वहीं मुख्यमंत्री पार्टी के हर विधायक, नेता और कार्यकर्ता को साथ लेकर चलते नजर आएंगे।

भाजपा कोर ग्रुप की सोमवार को सूरजकुंड में हुई बैठक में पार्टी ने एकमत से मुख्यमंत्री के साथ खड़े रहने का एलान किया है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट के कुछ मंत्रियों ने सरकार के कामकाज के तरीके में बदलाव और भविष्य की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने की जानकारी दी। वहीं भाजपा प्रभारी डॉ. अनिल जैन ने स्पष्ट कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री के साथ चट्टान की तरह पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।

भाजपा प्रभारी का यह बयान उन राजनीतिक परिस्थतियों में काफी अहम माना जा रहा  है, जब पार्टी के 16 नाराज  विधायक सरकार के कामकाज और अफसरशाही के बेलगाम होने पर अंगुली उठा रहे हों। मुख्यमंत्री हालांकि धीरे-धीरे इन विधायकों की नाराजगी दूर करना का प्रयास कर रहे  हैं, लेकिन प्रभारी  जैन के बयान से साफ प्रतीत होता  है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव मनोहर सरकार के कामकाज के नतीजों के आधार पर ही लड़ने जा रही है। कोर ग्रुप के साथ-साथ हाईकमान ने उन्हें खुलकर काम करने और नतीजे देने के निर्देश दिए हैं।

जैन ने अपने इस बयान से नाराज विधायकों की नाराजगी दूर होने का संकेत भी दिया है।  बैठक में अधिकारियों द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने के विधायकों के आरोपों पर भी खुली चर्चा हुई, जिसके बाद अफसरों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के संकेत खुद प्रभारी  ने दिए। मतलब साफ है कि बेलगाम और बेपरवाह अधिकारियों की उठापटक हो सकती हैं।

हरियाणा भाजपा के प्रभारी अनिल जैन का कहना है कि मुख्यमंत्री  ने गियर बदल दिया है। सरकार की योजनाओं के क्रियान्यवन में देरी करने वाले अधिकारियों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कोर ग्रुप की बैठक में सरकार के अब तक के कामों की समीक्षा की गई और भविष्य में काम करने के तरीके तथा योजनाओं का खाका तैयार किया गया। पूरी पार्टी और हम सब लोग मुख्यमंत्री के साथ खड़े हैं।