सहारनपुर हिंसा: भीम आर्मी का मुखिया चंद्रशेखर ‘रावण’ हिमाचल से गिरफ्तार

0
227
सहारनपुर – सहारनपुर हिंसा का मास्टरमाइंड और भीम आर्मी के फाउंडर चंद्रशेखर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यूपी और हिमाचल पुलिस ने संयुक्त रूप से हिमाचल के डल्हौजी से चंद्रशेखर को अरेस्ट किया है। बताया जा रहा है क‍ि चंद्रशेखर हिमाचल में एक दलित नेता के यहां शरण लिए हुए था। इस बीच मामले से जुड़े 11 आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था। मामले से जुड़ी क्लोजर रिपोर्ट भी गुरुवार को कोर्ट में दाखिल हो सकती है। बता दें, चंद्रशेखर की अगुवाई में उसके समर्थकों पर रामनगर में एक पुलिस चौकी, कई मोटरसाइकिलें, कार जलाने और पुलिस पर हमले का आरोप है। सहारनपुर हिंसा के आरोपी चंद्रशेखर उर्फ रावण को पुलिस पिछले 22 दिन से यूपी समेत कई राज्यों में ढूंढ रही थी। पुलिस ने चंद्रशेखर और उसके तीन साथियों पर 12-12 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
इससे पहले 1 जून को चंद्रशेखर के भाई कमल को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार क‍िया था। उस समय वह अपनी मां के साथ बिना पर‍मि‍शन के प्रेस काॅन्फ्रेंस कर रहा था। कमल की गिरफ्तारी के बाद चंद्रशेखर की मां कमलेश ने कहा था क‍ि चंद्रशेखर को योगी सरकार दंगों का दाग लगाकर फंसा रही है। हिंसा के दौरान चंद्रशेखर अपने घर पर परिवार के बीच था।
हालात काबू करने के लिए सीएम योगी ने 23 मई की रात ही स्टेट प्लेन से 4 अफसरों की एक टीम लखनऊ से सहारनपुर भेजी। गाजियाबाद, मेरठ, अलीगढ़ और आगरा से 5 PAC के कमाडेंट भी भेजे गए।
24 मई की देर शाम सहारनपुर के डीएम एनपी सिंह और एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे को सस्पेंड कर दिया गया। डिविजनल कमिश्नर एमपी अग्रवाल और डीआईजी जेके शाही का भी ट्रांसफर कर दिया गया। प्रमोद कुमार पांडेय को नया डीएम बनाया गया। बबलू कुमार सहारनपुर के नए एसएसपी बनाए गए।