स्की प्रतियोगिता में मनाली की बेटी ने अंतरर्राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया भारत का नाम

0
160

कौशल/कुल्लू –  अंतरराष्ट्रीय स्कींइग  की ओर से तुर्की में आयोजित स्कीइंग कप में हिमाचल के मनाली की 21 साल की आंचल ठाकुर ने भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाया है। आंचल ठाकुर ने इस प्रतियोगिता मे तीसरा स्थान हासिल किया है। आंचल इस स्कीइंग प्रतियोगिता में फिस इवेंट में पदक जीतने वाली भारत की पहली स्कीयर भी बन गई हैं। इससे पहले आज तक किसी भी भारतीय खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता में मेडल हासिल नहीं किया है। आंचल ने तीसरे स्थान पर रहकर भारत को कांस्य पदक दिलाया है। अब आंचल की 9 फरवरी, 2018 से दक्षिण कोरिया में आयोजित होने जा रहे शीतकालीन ओलंम्पिक के लिए भी क्वालीफाई होने की संभावना बढ़ गई है। आंचल की इस उपलब्धि से मनाली घाटी में खुशी की लहर है। आंचल ठाकुर, हिमांशु ठाकुर और एलविन ठाकुर मनाली के 3 युवा खिलाड़ी साल 2017 के दिसम्बर से ऑस्ट्रिया की बर्फीली पहाडिय़ों पर स्कीइंग के गुर सीख रहे थे। दक्षिण कोरिया के पियोगचंग की बर्फ से लदी ढलानों में सफलता हासिल करने के लिए तीनों युवा खिलाड़ी कड़े प्रशिक्षण से गुजरे हैं। ऑस्ट्रिया में प्रशिक्षण लेने के बाद तीनों खिलाडिय़ों ने तुर्की के रेसिंग स्कूल से भी प्रशिक्षण लिया। इससे पहले हिमांशु ठाकुर रूस में आयोजित शरद ओलंम्पिक खेलों में भारत का नेतृत्व कर चुके हैं। एलविन वर्ष 2017 में स्वीडन में आयोजित हुई शरद खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। आंचल ठाकुर यूथ ओलंम्पिक में अपनी प्रतिभा के जौहर दिखा चुकी हैं। लोगों को भविष्य में इन खिलाडिय़ों से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।