हरियाणा प्रदेश के साथ-साथ सम्पूर्ण भारत स्वच्छ भारत के नाम से जाना जाए – हरविन्द्र कल्याण

0
231

घरौंडा/करनाल –  घरौंडा के विधायक एवं हैफेड के चेयरमैन हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि देश के प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का सपना है कि विश्व में भारत की छवि एक साफ और सुंदर देश की बने और यहाँ का हर नागरिक स्वस्थ हो। कल्याण सोमवार को घरौंडा क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित स्वच्छता दिवस के कार्यक्रमों में शामिल हुए और ग्रामीणों के साथ मिलकर सफाई अभियान चलाया। उन्होंने गांव डबरकी खुर्द से सफाई अभियान की शुरूआत की इसके बाद डबरकी कला,डबरकी पार,जम्मूखला,मुस्तफाबाद, ढाकवाला, गुजरान,ढाकवाला रोडान, पुरानी चुंडीपुर,नई चुंडीपुर गांव में सफाई अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस अभियान में लोगों ने बड़े उत्साह के साथ बढ़चढ़ कर भाग लिया। उन्होंने उक्त सभी गांवों के बूथ नम्बर 9,10,11,12,13,15 तथा 16 पर जाकर भी महासम्पर्क अभियान के तहत लोगों से सम्पर्क किया और सरकार की नीतियों का प्रचार किया।

विधायक ने ढाकवाला गुजरान में जनसभा को भी सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर एक जनआन्दोलन का रूप ले चुका है जिसके सकारात्मक परिणाम भी मिलने शुरू हो गए हैं, अधिकांश लोगों ने कूड़ा-कचरा कूड़ेदान मे डालना शुरू कर दिया है। स्कूली बच्चों द्वारा जागरूकता रैली तथा गांवों के युवाओं द्वारा प्रभात फेरी निकालकर आम लोगों को स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी विश्व पर्यावरण दिवस को स्वच्छता दिवस के रूप में मनाकर हरियाणा प्रदेश की जनता को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हरियाणा प्रदेश के साथ-साथ सम्पूर्ण भारत स्वच्छ भारत के नाम से जाना जाएगा।