करनाल – करनाल में आज रोड़ समाज के हजारों लोगों ने हर्ष एनकाउंटर की जाँच को लेकर प्रदर्शन किया। रोड समाज के लोगों ने सरकार से हर्ष एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की मांग प्रमुखता से उठाई।रोड समाज के लोग करनाल के पुराने बस स्टैंड के समीप स्थित रोड धर्मशाला में एकत्रित हुए। इसके बाद जिला सचिवालय तक पैदल मार्च करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के सामने अपनी मांगें रखीं l
समाज के लोगों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपकर मामले की सीबीआई जांच कराने की और दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की । अखिल भारतीय रोड महासभा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष बलकार सिंह पुंडरी ने कहा कि आज का प्रदर्शन हर्ष के कथित फेक एनकाउंटर में न्याय की मांग को लेकर किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज की सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें हैं।
पहली मांग है कि स्थानीय विधायक जगमोहन आनंद इस मामले को लेकर समाज से माफी मांगें और अपने पद से इस्तीफा दें। दूसरी मांग है कि पूरे मामले की जांच सीबीआई से करवाई जाए। वहीं तीसरी मांग है कि यदि जांच में पुलिस अधिकारियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ कड़ी और ठोस कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिनिधियों की मुख्यमंत्री से बातचीत हुई थी और सरकार की ओर से 16 अगस्त तक का समय मांगा गया था। उस समय समाज को भरोसा दिलाया गया था कि उनकी मांगों पर कार्रवाई होगी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते आज समाज को सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद करनी पड़ी।

























