करनाल – भाजपा स्थापना दिवस का आयोजन हुआ 

0
71

करनाल – भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा ने कहा कि 41 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जो अंतिम छोर के व्यक्ति को भी लाभ मिलने का स्वपन  देखा था हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री  मनोहर लाल जी उस सपने को साकार करने में लगे हुए हैं। आज पूरे देश-प्रदेश में भाजपा ने पारदर्शी शासन के साथ जनता का विश्वास हासिल किया है।

भाजपा जिला अध्यक्ष आज भाजपा करनाल द्वारा भाजपा के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। आज करनाल में प्रत्येक बूथ पर भाजपा का स्थापना दिवस मनाया गया। जिसमें भाजपा के हजारों कार्यकत्र्ताओं ने भाग लिया। करनाल में शहरी मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य तौर पर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष योगेन्द्र राणा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाता है जिसकी वजह से आज भाजपा संगठन नए आयाम स्थापित कर रहा है। भाजपा पूरे देश की लोकप्रिय पार्टी बन चुकी है।
योगेंद्र राणा ने कहा कि डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी जी के नेतृत्व वाली भाजपा पार्टी आज प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी व राष्ट्रीय अध्यक्ष  जेपी नडडा जी के नेतृत्व में दिन प्रतिदिन लोकप्रियता के नए आयाम स्थापित कर रही है। और प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल जी व प्रदेश अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश धनखड़ जी के नेतृत्व में जन कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। भाजपा के शासनकाल में पूरे देश में विभिन्न उपलब्धियां हासिल हुई है। उन्होंने बताया कि भाजपा की नीतियों का लाभ प्रत्येक व्यक्ति को मिला है।

माननीय मुख्यमंत्री  मनोहर लाल जी के नेतृत्व में आज प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। पूरे प्रदेश में पारदर्शिता के साथ समान रूप से विकास हो रहा है। युवाओं के लिए नौकरियों में योग्यता को आधार बनाया गया। आर्थिक रूप से गरीब लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया।
इस मौके पर मेयर रेनू बाला गुप्ता, सीएम प्रतिनिधि श्री संजय बठला, मंडल अध्यक्ष जसपाल वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण कपूर, त्रिलोकी, दीपक शर्मा सहित अन्य पार्टी नेतागण व कार्यकर्त्ता मौजूद थे।